(घटती-घटना होली विशेष व्यंग्य)।
होली का मौसम है…रंग उड़ रहे हैं…और राजनीति में एक नया रंग चढ़ा है-रील,फोटो और पोस्ट का रंग। भरतपुर-सोनहत के विधायक गुलाब कमरों का बयान इस बार होली के गुलाल जैसा भावुक है। उन्होंने कहा…पहले आंदोलन करता था,वही मेरा राजनीतिक अस्तित्व था। आज फोटोग्राफी और सोशल मीडिया ही सहारा है। यह बयान सिर्फ एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि बदलती राजनीति का आईना बन गया है।
पहले नारे गूंजते थे,अब नोटिफिकेशन
पहले पोस्टर हाथ से लिखे जाते थे,अब पोस्ट शेड्यूल होते हैं,पहले पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी जाती थी,अब एल्गोरिदम की बैरिकेडिंग पार करनी होती है,होली में भी अब लोग रंग कम,सेल्फी ज्यादा लेते हैं। राजनीति भी कुछ ऐसी ही हो गई है।
जीवन में विधायक से अब तक का सफर इतना ही?
गुलाब कमरों का यह भावुक वाक्य-विधायक से अब तक का सफर लगता है इतना ही है राजनीति के बदलते दौर का दर्द भी कहता है,संघर्ष से मिली पहचान अब डिजिटल उपस्थिति से मापी जा रही है,फॉलोअर गिनती जनसमर्थन का नया पैमाना बन गई है।
आंदोलन का रंग फीका क्यों पड़ा?
एक समय था जब राजनीति की पिच पर धरना,प्रदर्शन, सड़क पर संघर्ष-यही असली रंग थे,नेता की पहचान भीड़ से होती थी,नारे से होती थी,संघर्ष से होती थी,अब पहचान होती है- कैमरे के एंगल से।
होली का रंग और राजनीति का रंग
होली सिखाती है-रंग लगाओ,पास आओ,आज की राजनीति सिखाती है-पोस्ट डालो,टैग कराओ,आंदोलन की धूल में जो पहचान बनी,वह अब फिल्टर से चमकाई जा रही है।
डिस्क्लेमर (होली विशेष व्यंग्यांक)
यह लेख/विशेषांक पूर्णत : व्यंग्यात्मक, काल्पनिक एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति पर आधारित है। इसमें उल्लिखित राजनीतिक संदर्भ,पद,संभावनाएँ,नामों की चर्चा या प्रशासनिक प्रस्ताव केवल सार्वजनिक चर्चाओं,कयासों एवं हास्य-व्यंग्य शैली में प्रस्तुत किए गए हैं,इसका उद्देश्य किसी व्यक्ति, संस्था, दल या समुदाय की छवि को आहत करना नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक विमर्श के तहत समसामयिक विषयों पर हल्के-फुल्के व्यंग्य के माध्यम से विचार प्रस्तुत करना है, लेख में व्यक्त विचार लेखक के निजी व्यंग्यात्मक दृष्टिकोण हैं। वास्तविक निर्णय, प्रशासनिक प्रक्रियाएँ एवं सरकारी नीतियाँ संबंधित प्राधिकरणों द्वारा ही तय की जाती हैं, पाठकों से अपेक्षा है कि इस सामग्री को होली विशेष हास्य-व्यंग्य के रूप में ही ग्रहण करें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur