Breaking News

मनेंद्रगढ़@ दोहरी रेल लाइन पर बवाल,सिंचित जमीन के अधिग्रहण और कम मुआवजे के विरोध में किसानों का कलेक्टर कार्यालय घेराव

Share

-संवाददाता-
मनेंद्रगढ़,02 मार्च 2026 (घटती-घटना)। रेलवे की प्रस्तावित नई दोहरी लाइन परियोजना के तहत ग्राम बरबसपुर और उजियारपुर सहित नौ गांवों की सिंचित द्वि-फसली भूमि के अधिग्रहण को लेकर किसानों में गहरा असंतोष व्याप्त है, कम मुआवजे और भूमि मूल्यांकन में कथित विसंगतियों के विरोध में ग्रामीण कृषक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
मूल्यांकन में असमानता का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि भूमि मूल्यांकन में भारी विसंगतियां हैं। कुछ किसानों की जमीन का मूल्यांकन अपेक्षाकृत अधिक,जबकि कुछ का बेहद कम किया गया है,जिससे गांवों में असंतोष और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है, किसानों का स्पष्ट कहना है कि जमीन ही उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन है, यदि अपर्याप्त मुआवजा दिया गया, तो उनके परिवारों का भविष्य असुरक्षित हो जाएगा।
प्रशासन का आश्वासन
अपर कलेक्टर और एसडीएम ने किसानों की बात गंभीरता से सुनी और मामले के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया,राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक जांच और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया पर विचार करने की बात कही गई है।
विकास बनाम आजीविका
रेलवे की दोहरी लाइन परियोजना क्षेत्र के यातायात और औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है,लेकिन किसानों का कहना है कि विकास की कीमत उनकी उपजाऊ जमीन और भविष्य से नहीं चुकाई जानी चाहिए, अब देखना यह होगा कि प्रशासन पुनर्मूल्यांकन कर किसानों की मांगों पर कितना न्यायसंगत निर्णय लेता है, फिलहाल मनेंद्रगढ़ में यह मुद्दा विकास और आजीविका के बीच संतुलन की बड़ी परीक्षा बन गया है।
परियोजना के दायरे में नौ गांव
रेलवे की दोहरी लाइन परियोजना के तहत जिन गांवों की भूमि अधिग्रहित की जा रही है,उनमें शंकरगढ़,बेलबहार,ऊदलकछार,सरोला,लाई,सेमरा,दर्रीटोला,बरबसपुर और उजियारपुर शामिल हैं,ग्रामीणों का कहना है कि अधिग्रहण की जद में आ रही जमीन पूरी तरह सिंचित और अत्यंत उपजाऊ है,जहां साल में दो फसलें ली जाती हैं। ऐसे में यह भूमि उनके परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है।
जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
किसानों का प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधायक गुलाब कमरो,जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजेश साहू,ब्लॉक कांग्रेस मनेंद्रगढ़ ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल,ब्लॉक कांग्रेस मनेंद्रगढ़ शहरी अध्यक्ष सौरव मिश्रा तथा सांसद प्रतिनिधि अमर सिंह के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय पहुंचा,वहां उन्होंने अपर कलेक्टर अनिल सिदार एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) लिंगराज सिदार से मुलाकात कर किसानों की समस्याएं विस्तार से रखीं।
किसानों की प्रमुख मांगें…
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के समक्ष निम्न मांगें रखीं राजस्व विभाग की टीम भेजकर भूमि का पुनःमूल्यांकन कराया जाए,सिंचित एवं द्वि-फसली भूमि की वास्तविक बाजार दर के अनुसार मुआवजा तय किया जाए, जब तक उचित मुआवजे का निर्धारण न हो,तब तक अधिग्रहण की प्रक्रिया स्थगित रखी जाए,किसानों का आरोप है कि प्रशासन द्वारा तय मुआवजा वर्तमान बाजार मूल्य से काफी कम है और भूमि से होने वाली सालाना आय को ध्यान में नहीं रखा गया है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply