-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की एवं निगम में निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने शुक्रवार को नमनाकला के खटीक पारा एवं झंझटपारा में घर-घर जाकर स्थिति का जायजा लिया है। कांग्रेस का कहना है कि लम्बे समय से दूषित जल की सप्लाई एवं साफ-सफाई के अभाव में क्षेत्र में पीलिया, टायफाईड और डायरिया की बीमारी के फैलाव की जानकारी सामने आ रही थी। क्षेत्र का दौरा करने के उपरांत आदित्येश्वर सिंह ने जानकारी दी कि लगभग प्रत्येक घर में एक या एक से अधिक सदस्य दूषित जल जनित इन बीमारियों के शिकार हैं। प्रत्येक घर से मिले इलाज से संबंधित पर्चियों से इस बात की जानकारी मिली है कि लोग पीलिया, टायफाईड और डायरिया जैसे लोगों से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने यह बताया है कि इस क्षेत्र से 2 लोगों के मौत की चर्चा सामने आने के बाद विगत दो-तीन दिनों से पेयजल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने कहा कि नावापारा स्वास्थ्य केन्द्र और मेडिकल कॉलेज में जांच के अभाव में आर्थिक रुप से कमजोर लोगों को अब इलाज में भी कठिनाइयां आ रही है।
बीमार लोगों ने यह शिकायत दर्ज की है कि उन्हें बाहर से जांच आदि कराने में रुपय खर्च करने पड रहे हैं। निजि अस्पतालों में इलाज कराने पर काफी व्यय हो रहा है। उन्होंने ने प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में मेडिकल शिविर लगाकर बीमार लोगों का निःशुल्क इलाज कराया जाये।
कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी
पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने निगम प्रशासन को कहा है कि ऐसे परिस्थितियों में गलत बयानबाजी कर तथ्यों को छिपाने से बेहतर होगा कि मिलजुलकर आमजन को अच्छी सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यही एक लोक सेवक का उत्तरदायित्व है। वहीं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि आमजन द्वारा दूषित पेयजल और बीमारी की फरियाद करना महापौर को साजिश लगता है, यह दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि पहले नावागढ, मोमिनपुरा, पर्राडांड और अब नमनाकला क्षेत्र में दूषित पेयजल सप्लाई का तथ्य आना और इससे बीमारियों का फैलाव यह स्पष्ट करता है कि शहर के बडे हिस्से में दूषित पेयजल सप्लाई हो रहा है। ऐसा तभी हो सकता है जबकि फिल्टर प्लांट में ही पेयजल का सही ट्रीटमेंट नहीं हो रहा हो। उन्होंने कहा कि पेयजल की खराब गुणवत्ता का वाजिब कारण क्या है इसकी जांच के लिये उच्च स्तरीय कमेटी के गठन की मांग हमारे द्वारा की गई है। इस दिशा में पहल नहीं हुई तो कांग्रेस आमजन के स्वास्थ्य के हित में गंभीर आदोलन के लिये सडकों पर आयेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur