Breaking News

कोरिया/पटना@नारी शक्ति को समर्पित आकार पब्लिक स्कूल का द्वितीय वार्षिकोत्सव भव्य रूप से सम्पन्न

Share

  • सांस्कृतिक प्रस्तुतियों,महिला सम्मान और सामाजिक संदेश से सजा यादगार आयोजन
  • नन्हें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से गूंजा आकार पब्लिक स्कूल का मंच
  • महिलाओं के सम्मान के साथ यादगार बना आकार स्कूल का दूसरा वार्षिकोत्सव
  • संस्कार,सम्मान और संस्कृति का संगम बना आकार स्कूल का वार्षिक समारोह
  • बच्चों की प्रतिभा और नारी सम्मान ने बांधा समा,आकार स्कूल का आयोजन रहा खास
  • आकार इंग्लिस मिडियम स्कूल ने वार्षिकोत्सव में दिया नारी सम्मान का संदेश


-संवाददाता-

कोरिया/पटना,27 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। आकार शिक्षा समिति द्वारा संचालित आकार इंग्लिस मिडियम स्कूल, पटना में बुधवार को विद्यालय का द्वितीय वार्षिकोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस वर्ष का वार्षिक समारोह ‘नारी सशक्तिकरण’ की थीम पर आधारित रहा, जिसने कार्यक्रम को केवल सांस्कृतिक आयोजन न बनाकर एक सामाजिक संदेश से जोड़ दिया, विद्यालय परिवार ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि समाज में महिला और पुरुष समान रूप से महत्वपूर्ण हैं तथा नारी सदैव से पूजनीय और सम्मान की अधिकारिणी रही है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि गीता राजवाड़े (जिला पंचायत सदस्य), अध्यक्षता कर रहीं नविता शिवहरे (नगर पालिका अध्यक्ष बैकुण्ठपुर) तथा गायत्री सिंह (नगर पंचायत अध्यक्ष पटना) द्वारा सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई,विद्यालय प्रबंधक पूनम सोनी एवं आशीष सोनी के साथ समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अतिथियों एवं अभिभावकों का पुष्पगुच्छ,अक्षत-तिलक एवं बैच लगाकर आत्मीय स्वागत किया,कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रविशंकर शर्मा, जवाहर लाल गुप्ता,योगेश शुक्ला,राजेश सोनी,विनोद शर्मा,शंकर सोनी,बिहारी लाल राजवाड़े,अशोक गुप्ता,शिवशंकर राजवाड़े, रामनारायण कुशवाहा सहित जागृति महिला मंडल पटना की पूरी टीम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
नन्हें-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियां


वार्षिकोत्सव का मुख्य आकर्षण विद्यालय के छोटे-छोटे बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं, शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, रिकॉर्डिंग डांस,देशभक्ति गीत, समूहगान तथा लघु नाटिका प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया,बच्चों के आत्मविश्वास, मंच संचालन क्षमता और समर्पण ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया,अभिभावक अपने बच्चों की प्रस्तुति को कैमरों में कैद करते नजर आए, पूरा सभागार तालियों और उत्साह से गूंज उठा, कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका श्वेता कश्यप ने प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से किया। कार्यक्रम की तैयारी में तब्बसुम खान, रोशनी विश्वकर्मा, आफरीन परवीन, हर्षिता राजवाड़े, आफरीन खान, दुर्गावती साहू एवं शिल्पा चौबे का विशेष योगदान रहा, विद्यालय प्रबंधन ने सभी शिक्षकों के परिश्रम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
महिला सशक्तिकरण को समर्पित विशेष सम्मान


विद्यालय की डायरेक्टर पूनम सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय का पहला वार्षिकोत्सव सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में आयोजित किया गया था, इस वर्ष समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को मंच प्रदान कर सम्मानित करने का निर्णय लिया गया,उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहा है कि हम उन महिलाओं को सम्मान दें जो समाज में अपनी अलग पहचान रखती हैं और जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी परिवार एवं समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर कार्य किया है, कार्यक्रम में किरण सोनी, नीलू वर्मा,ममता कुशवाहा,मीरा सोनी,शगुफता खान,हिना खान,कामनी राजवाड़े, समुद्री राजवाड़े,अमृता सिंह,संगीता सोनवानी,इतवारी बाई एवं ज्योति दुबे सहित विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया, सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से इन महिलाओं का अभिनंदन किया। कई महिलाएं अपने सम्मान के क्षण को लेकर भावुक भी नजर आईं।
अतिथियों ने की विद्यालय की पहल की सराहना
मुख्य अतिथि गीता राजवाड़े ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय की यह पहल अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः स्कूल कार्यक्रम केवल बच्चों की प्रस्तुति तक सीमित रहते हैं, किंतु यहां महिलाओं के सम्मान को केंद्र में रखकर कार्यक्रम आयोजित करना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है, नविता शिवहरे ने कहा कि समाज में महिलाओं को मंच प्रदान कर उनका सम्मान करना विद्यालय की प्रगतिशील सोच को दर्शाता है, गायत्री सिंह ने विद्यालय के पिछले वार्षिकोत्सव को याद करते हुए कहा कि आकार इंग्लिस मिडियम स्कूल प्रत्येक वर्ष अपने कार्यक्रम को अलग और सार्थक रूप में प्रस्तुत कर नई मिसाल कायम कर रहा है, बच्चों की प्रस्तुति देखकर उन्हें अपने बचपन की याद ताजा हो गई।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ा यादगार आयोजन
आकार पब्लिक स्कूल का द्वितीय वार्षिकोत्सव केवल एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता और महिला सम्मान का प्रतीक बनकर सामने आया, विद्यालय ने यह सिद्ध किया कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक मूल्यों, संस्कार और समानता के भाव को विकसित करने का माध्यम भी है,कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों,अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार समाजोपयोगी विषयों पर कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया,नारी शक्ति को समर्पित यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बना,बल्कि पूरे क्षेत्र में एक सकारात्मक संदेश छोड़ गया।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply