Breaking News

अम्बिकापुर@ खाते में ट्रांसफर कर झांसा,1 लाख की ठगी

Share


साइबर सिंडीकेट का खुलासा,चार आरोपी गिरफ्तार,मोबाइल जब्त
अम्बिकापुर,25 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।
थाना गांधीनगर क्षेत्र में साइबर ठगी के एक मामले में पुलिस ने आपराधिक सिंडीकेट का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा अपराध से संबंधित रकम अलग-अलग खातों में मंगवाकर नगद निकालने और कमीशन लेने का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार सकालो निवासी सुजीत मंडल ने 16 नवंबर 2025 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 1 नवंबर को उसकी दुकान ‘काली माई च्वाइस सेंटर’ पर बरवल चम्पारण (बिहार) निवासी अनीश गिरी नामक युवक आया। उसने स्वयं को सब्जी विक्रेता बताया और खाता सही से संचालित नहीं होने की बात कहकर एक लाख रुपये प्रार्थी के खाते में ट्रांसफर करवा दिए। इसके बाद प्रार्थी ने उक्त राशि नगद युवक को दे दी। बाद में जानकारी मिली कि ट्रांसफर की गई रकम अपराध से संबंधित थी। इसके चलते प्रार्थी का बैंक खाता ब्लॉक हो गया और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। मामले में अपराध क्रमांक 649/25 धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से खुलासा : विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी सद्दाम अंसारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथी अनीस गिरी और अन्य के साथ मिलकर अपराध की रकम विभिन्न खातों में मंगवाकर सीडीएम मशीन से ट्रांसफर और निकासी करता था। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था। मामले में धारा 61(2) और 317(4) बीएनएस जोड़ी गई। सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आगे की कार्रवाई में अनीस गिरी और वर्षा सिंह पोर्ते को भी गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया।
फर्जी नाम से आया था मुख्य आरोपी : दुकान पर स्वयं को अनीश गिरी बताने वाले व्यक्ति की तलाश में पुलिस ने अनूप कुमार चौबे (30), निवासी केतात रेहला जिला पलामू (झारखंड),हाल मुकाम बौरीपारा केनाबांध अंबिकापुर को पकड़ा। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार उसका पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी संगठित तरीके से सिंडीकेट बनाकर रकम को खातों से निकालकर अन्य खातों में ट्रांसफर करते थे और कमीशन कमाते थे। प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक धनंजय पाठक, सुभाष ठाकुर सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply