-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। समाज कल्याण विभाग,छत्तीसगढ़ द्वारा आज अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन की दिशा में ठोस पहल करते हुए ‘सियान विवेक युवा आनंद’ (इंटर जेनरेशनल बॉन्डिंग इवेंट) कार्यक्रम का आयोजन राजमोहिनी भवन में किया गया। कार्यक्रम में चिंतामणि महाराज, सांसद सरगुजा, मंजूषा भगत, महापौर,तथा प्रियंका गुप्ता, एम.आई.सी. सदस्य नगर निगम की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग बच्चों एवं युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों का सम्मान एवं संरक्षण,पारिवारिक एवं सामाजिक मूल्यों को सुदृढ़ करना,पीढि़यों के बीच संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना तथा सामाजिक सुरक्षा एवं भावनात्मक लगाव को मजबूत करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी अपने बुजुर्गों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से ही जीवन की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकती है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का समाज में बहुमूल्य योगदान है तथा युवाओं को उनके अनुभव,सीख एवं सुझावों का सम्मान करना चाहिए। उनके मार्गदर्शन से ही समाज और राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकता है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम स्थल पर समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम के अंतर्गत खेलकूद, परिचर्चा,‘पुरखौती किस्सा’ कहानी सत्र,पहेली एवं प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गई,जिससे वरिष्ठजनों एवं युवाओं के बीच आत्मीय संवाद स्थापित हुआ।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur