Breaking News

अंबिकापुर@मोमिनपुरा में 100 से अधिक संदिग्धों के सैंपल,दूषित पानी पर गहराया सवाल

Share

-संवाददाता-
अंबिकापुर,23 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। अंबिकापुर शहर में पीलिया का प्रकोप अब एक वार्ड तक सीमित नहीं रहा। सर्वाधिक प्रभावित मोमिनपुरा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने विशेष शिविर लगाकर 100 से अधिक संदिग्ध मरीजों के रक्त नमूने एकत्र किए हैं। नवागढ़ और मोमिनपुरा के बाद मंगलवार को घुटरापारा में भी पीलिया के 6 नए मरीज मिलने से संक्रमण के फैलाव की आशंका और गहरा गई है। लगातार अलग-अलग बस्तियों से मरीज सामने आने से यह संकेत मिल रहा है कि समस्या केवल एक इलाके तक सीमित नहीं है। शहरवासियों में चिंता का माहौल है।
पानी के नमूने जांच के लिए भेजे
नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप ने बताया कि दूषित जल आपूर्ति की शिकायत मिलते ही जांच टीम गठित कर दी गई है। प्रभावित क्षेत्रों से पानी के कई नमूने लेकर जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट मिलते ही आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उबला पानी पीने की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से उबला हुआ पानी पीने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराने की अपील की है। अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि संक्रमण की असली वजह क्या सामने आती है और प्रशासन कितनी तेजी से प्रभावी कदम उठाता है।
पाइप लाइन मरम्मत जारी, सफाई पर सवाल
नगर निगम की जल शाखा क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत में जुटी है। हालांकि प्रभावित इलाकों में नियमित सफाई और क्लोरीनेशन की स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल आपूर्ति की गुणवत्ता की निगरानी सख्ती से नहीं हो रही।
केवल एक पाइप लाइन की खराबी नहीं…
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने निगम आयुक्त,पार्षदों, स्वास्थ्य विभाग और जल शाखा के कर्मचारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यदि यह केवल एक पाइप लाइन की खराबी का मामला होता, तो संक्रमण सीमित क्षेत्र तक रहता। अलग-अलग बस्तियों में मरीज मिलना व्यापक स्तर पर लापरवाही की ओर इशारा करता है। उन्होंने आशंका जताई कि कई स्थानों पर पाइप लाइन मरम्मत कार्य मानक के अनुरूप नहीं हुआ है या फिर जल शुद्धिकरण संयंत्र में एलम, ब्लीचिंग पाउडर और क्लोरीन का उपयोग निर्धारित मात्रा में नहीं किया जा रहा। यदि पानी का समुचित शुद्धिकरण नहीं हो रहा, तो दूषित पेयजल इस प्रकोप की जड़ हो सकता है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply