-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहरवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य शासन ने वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक 5.54 किलोमीटर सडक के चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण कार्य के लिए 61 करोड़ 34 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा इस मार्ग का निर्माण एवं उन्नयन कार्य किया जाएगा। प्रस्तावित योजना के तहत सडक को लगभग 12-12 मीटर चौड़ा किया जाएगा। साथ ही डिवाइडर,नाली निर्माण,फुटपाथ,विद्युत लाइटिंग एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इस महत्वपूर्ण मार्ग के उन्नयन से शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। गांधी चौक से रेलवे स्टेशन तक प्रतिदिन भारी यातायात रहता है, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है। सडक के चौड़ीकरण के बाद आवागमन सुगम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कार्य की निविदा प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। शहरवासियों ने इस स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे अम्बिकापुर के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur