-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यशाला का आयोजन शनिवार को संकल्प भवन स्थित भाजपा कार्यालय में किया गया। बूथ, मंडल और जिला स्तर पर प्रस्तावित प्रशिक्षण वर्गों की तैयारी को लेकर आयोजित इस कार्यशाला में अपेक्षित पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कुल पाँच सत्र आयोजित किए गए। कार्यशाला की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने की। उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने प्रशिक्षण वर्ग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठन की मजबूती के लिए नियमित प्रशिक्षण आवश्यक है। द्वितीय सत्र की अध्यक्षता महापौर मंजूषा भगत ने की। विषय वक्ता अंबिकेश केशरी ने प्रशिक्षण वर्ग की तिथि, स्थान, विषय-वस्तु तथा जिला व मंडल स्तर के वक्ताओं की सूची की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में सभी स्तरों पर प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। तृतीय सत्र महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। सोशल मीडिया प्रदेश सह संयोजक ज्ञान प्रकाश दुबे ने पीपीटी के माध्यम से वर्तमान परिप्रेक्ष्य में एआई के उपयोग, मीडिया प्रबंधन और सोशल मीडिया कंटेंट निर्माण पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में डिजिटल दक्षता संगठन के लिए आवश्यक है।
‘पंच परिवर्तन’ और विकसित भारत का संकल्प : चौथे सत्र की अध्यक्षता सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने की। आरएसएस के विभाग प्रचारक हेमंत नाग ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय पर कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य बोध और स्वआचरण पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राष्ट्रवादी सोच आवश्यक है।
जिज्ञासा समाधान के साथ समापन अंतिम सत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह की अध्यक्षता में जिज्ञासा समाधान किया गया। भारत सिंह सिसोदिया ने आगामी प्रशिक्षण वर्गों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीयन और ध्वजारोहण से हुई। भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। सत्र अध्यक्षों और वक्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन पर आधारित पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू ने किया। इस अवसर पर प्रशिक्षण टोली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur