सो रही पत्नी,साली और मासूम पर हथौड़े से हमला,पत्नी की मौत
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरहरी में साले की शादी में ससुराल आए एक युवक ने आधी रात को पत्नी,साली और उसकी मासूम बेटी पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई,जबकि साली की हालत गंभीर है। मासूम बच्ची का इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को सनावल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार,यशोदा कुशवाहा (35) पति गणेश कुशवाहा,निवासी ग्राम रेवटी थाना चंदोरा, अपने भाई सुरेश की शादी में पति और बेटी के साथ ग्राम सरहरी आई थी। 20 फरवरी को बारात लौटने के बाद अधिकांश रिश्तेदार चले गए थे,लेकिन यशोदा अपने पति व बेटी के साथ रुक गई थी। रात करीब 2 बजे गणेश कुशवाहा उठा और कमरे में सो रही पत्नी यशोदा के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया। इसके बाद वह दूसरे कमरे में गया और वहां सो रही साली गंगोत्री तथा उसकी बेटी पिंकी पर भी वार कर दिया। अचानक हुई इस घटना से घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो तीनों गंभीर हालत में खून से लथपथ पड़ी थीं। तत्काल उन्हें प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
मिशन अस्पताल में महिला को मृत घोषित : परिजन तीनों को अंबिकापुर स्थित मिशन अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने यशोदा को मृत घोषित कर दिया। गंगोत्री की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है। वहीं मासूम पिंकी का इलाज मिशन अस्पताल में चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी गणेश कुशवाहा फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस सक्रिय हुई और तलाश शुरू की। पुलिस ने आरोपी को बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur