‘
अस्पतालों में फल वितरण,वृद्धाश्रम में सेवा,महिला मोर्चा ने किया वृक्षारोपण
बैकुण्ठपुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी मंडल बैकुण्ठपुर द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 62 वें जन्मदिवस को ‘‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’’ के रूप में मनाया गया, इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री के सुशासन के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला चिकित्सालय में मरीजों को फल वितरण से हुई। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वार्डों में जाकर मरीजों से मुलाकात की, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की, इसके बाद वृद्धाश्रम में भी बुजुर्गों को फल वितरित किए गए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संकल्प अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, उन्होंने कहा कि जन्मदिवस को उत्सव के बजाय सेवा के रूप में मनाना ही उनके कार्यशैली का सच्चा सम्मान है।
विकास और सुशासन पर जोर
जिला महामंत्री पंकज गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। किसानों,महिलाओं और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं का व्यापक प्रभाव दिखाई दे रहा है,पूर्व जिला उपाध्यक्ष शैलेष शिवहरे ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से समाज के सभी वर्ग लाभान्वित हो रहे हैं और प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जिला मंत्री शारदा गुप्ता ने जानकारी दी कि महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उनका आत्मविश्वास और सामाजिक सहभागिता बढ़ी है।
महिला मोर्चा का विशेष आयोजन
मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर भाजपा महिला मोर्चा द्वारा भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया,पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के उद्देश्य से पीपल एवं नीम जैसे जीवनदायी पौधों का रोपण किया गया, इसके साथ ही महिला कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि,शांति तथा मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की,महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रीता यादव, मंडल अध्यक्ष दीपा विश्वकर्मा,प्रदेश सोशल मीडिया सह प्रभारी रेनु सिंह,जिला उपाध्यक्ष संगीता गुप्ता,महामंत्री पुष्पा राजवाड़े सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
सामाजिक सरोकार और जनसंपर्क का संदेश
‘सेवा-सुशासन-संकल्प दिवस’ के रूप में मनाया गया यह आयोजन केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे सेवा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व से जोड़ा गया,अस्पतालों और वृद्धाश्रम में सहयोग, पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण तथा सामूहिक प्रार्थना जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से पार्टी ने समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित करने का प्रयास किया, इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur