जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा ने जताया आभार,कहा…जिले के विकास को मिली नई दिशा
बैकुंठपुर,21 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। दो दिवसीय कोरिया जिला प्रवास पर पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले को 153 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात प्रदान की। अपने प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास एवं घोषणा की, साथ ही कोरिया उत्सव का शुभारंभ भी किया, मुख्यमंत्री द्वारा की गई विकास घोषणाओं पर जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कोरिया जिले के लिए ऐतिहासिक क्षण है, जिससे आधारभूत संरचना, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और ग्रामीण संपर्क को नई मजबूती मिलेगी।
आगमन के साथ संवेदनशीलता का संदेश
कोरिया पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मीसा बंदी डॉ. घोष के निवास पर जाकर उनसे सौजन्य भेंट की। यह पहली बार बताया गया कि किसी मुख्यमंत्री ने स्वयं उनके घर जाकर मुलाकात की, इसके बाद मुख्यमंत्री सरभोका पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्व. फलेंद्र सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सरभोका में विकास की घोषणाएं…
सरभोका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—मिनी स्टेडियम अधोसंरचना एवं खेल सामग्री के लिए 25 लाख रुपये, अहिरापारा नाला पर पुल निर्माण हेतु 15 लाख रुपये, कूड़ेली बाजार कंक्रीटीकरण के लिए 20 लाख रुपये इन घोषणाओं से स्थानीय युवाओं को खेल सुविधाएं, ग्रामीणों को बेहतर आवागमन और व्यापारियों को सुदृढ़ बाजार व्यवस्था मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कानून-व्यवस्था और यातायात को मजबूती
कोरिया उत्सव के मंच से मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए—पोड़ी बचरा पुलिस चौकी को थाना का दर्जा, पांडवपारा पुलिस सहायता केंद्र को पुलिस चौकी में उन्नयन इसके अलावा, लंबे समय से प्रतीक्षित सलका बाईपास के लिए 18 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे शहर में यातायात का दबाव कम होने की संभावना है।
लोक निर्माण विभाग और पर्यटन विकास
मुख्यमंत्री ने जिले में लोक निर्माण विभाग के कार्यालय सेटअप एवं भवन निर्माण की मांग को भी स्वीकृति प्रदान की, इससे विभागीय कार्यों में गति आने की उम्मीद है, पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए देवगढ़ और छुरीगढ़ धाम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई, इससे धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने तथा स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना जताई जा रही है, इसके साथ ही जिले में ट्रांजिट हॉस्टल निर्माण की घोषणा भी की गई, जिससे प्रशासनिक एवं पर्यटक आवागमन में सुविधा होगी।
सड़क संपर्क को मिली गति
ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री ने—सोनहत के कुशहा से घूघरा मार्ग (3 किमी) के निर्माण हेतु 6 करोड़ रुपये, बैकुंठपुर के छिंदिया से रामपुर शिवपुर मार्ग (4 किमी, पुल-पुलिया सहित) के लिए 8 करोड़ रुपये, की स्वीकृति प्रदान की। इन सड़कों से ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कोरिया उत्सव का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कोरिया उत्सव का भी शुभारंभ किया,जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास प्रदर्शनी के माध्यम से जिले की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में नागरिक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष का आभार
जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं कोरिया जिले के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगी, उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए आशा व्यक्त की कि सभी योजनाएं शीघ्र धरातल पर उतरेंगी और जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
विकास की नई दिशा-
मुख्यमंत्री का यह दो दिवसीय प्रवास केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि विकास की ठोस रूपरेखा के साथ कोरिया जिले को नई ऊर्जा देने वाला साबित हुआ, आधारभूत संरचना, पर्यटन, खेल, कानून-व्यवस्था और ग्रामीण संपर्क के क्षेत्र में की गई घोषणाएं आने वाले समय में जिले के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को बदल सकती हैं, कोरिया जिला अब विकास की एक नई यात्रा की ओर अग्रसर होता दिखाई दे रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur