अम्बिकापुर,20 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग को जल्द ही दिल्ली की सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिलने जा रही है। मार्च के आखिरी सप्ताह से एलायंस एयर कंपनी अंबिकापुर के मां महामाया एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए नियमित उड़ान सेवा शुरू करेगी। आधिकारिक सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। हवाई सेवा का संचालन एलायंस एयर द्वारा किया जाएगा। कंपनी सप्ताह में दो दिन—सोमवार और बुधवार—अंबिकापुर से दिल्ली के लिए उड़ान संचालित करेगी। यह सेवा बिलासपुर होते हुए दिल्ली पहुंचेगी। कंपनी 72 सीटर एटीआर विमान से संचालन करेगी, जिससे यात्रियों को पूर्व की तुलना में अधिक सीटें उपलब्ध होंगी। उल्लेखनीय है कि दिसंबर 2024 में उड़ान 4.2 योजना के तहत फ्लाई बिग कंपनी ने अंबिकापुर से रायपुर और बिलासपुर के लिए 19 सीटर विमान सेवा शुरू की थी। लेकिन अनियमित संचालन और कम यात्री संख्या के कारण यह सेवा छह महीने में ही बंद हो गई। तब से एयरपोर्ट पर नियमित उड़ानें पूरी तरह ठप थीं। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार नई सेवा से एक बार फिर दरिमा एयरपोर्ट सक्रिय हो जाएगा और संभाग के यात्रियों को राजधानी दिल्ली तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
यह रहेगा संभावित शेड्यूल : सोमवार को फ्लाइट संख्या 91613 सुबह 7.50 बजे दिल्ली से रवाना होकर 10.25 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। वहां से 10.50 बजे उड़ान भरकर 11.40 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। अंबिकापुर से 12.05 बजे प्रस्थान कर दोपहर 2.35 बजे दिल्ली पहुंचेगी। बुधवार को फ्लाइट सुबह 7.50 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 10.25 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। यहां से 10.50 बजे बिलासपुर के लिए रवाना होकर 11.40 बजे पहुंचेगी और फिर 12.05 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी।
किराया 4500 से 6000 के बीच : जानकारी के मुताबिक बेस किराया 4500 से 6000 रुपए के बीच रहने की संभावना है। बिलासपुर-दिल्ली मार्ग पर पहले से किराया 4000 रुपए से अधिक रहता है,ऐसे में अंबिकापुर से दिल्ली का किराया प्रतिस्पर्धी माना जा रहा है।
सांसद ने जताई उम्मीद : सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने सेवा शुरू होने का स्वागत किया है।
उन्होंने बताया कि इंडिगो से भी चर्चा जारी है,ताकि भविष्य में रायपुर-अंबिकापुर-प्रयागराज रूट पर भी उड़ान शुरू की जा सके। एयरपोर्ट प्रभारी सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि 29 मार्च से सेवा शुरू होने की आधिकारिक सूचना प्राप्त हुई है। यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा तो सरगुजा को फिर से हवाई नक्शे पर मजबूती से जगह मिल जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur