
बर्थडे के नाम पर बीच सड़क आतिशबाजी,यातायात बाधित करने पर पुलिस की सख्त कार्रवाई…
-संवाददाता-
सूरजपुर,20 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। अम्बिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर बीच सड़क वाहनों को खड़ा कर बर्थडे मनाना और आतिशबाजी करना सात युवकों को भारी पड़ गया। सूरजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, घटना 16 फरवरी की रात्रि लगभग 10 से 11 बजे के बीच सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने की है,जहां सार्वजनिक मार्ग को जश्न का मंच बना दिया गया था,इस मामले में चौकी लटोरी,थाना जयनगर पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत प्रारंभिक रूप से भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 285 एवं 126(2) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया था।
बीच सड़क खड़ी की गाडि़यां,फोड़े पटाखे
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी अमितेश गुप्ता,अंशुल अग्रवाल और उनके अन्य साथियों ने मुख्य मार्ग पर कार खड़ी कर यातायात अवरुद्ध कर दिया, इसके बाद तेज आवाज में संगीत बजाकर बर्थडे मनाया गया तथा सड़क पर ही आतिशबाजी की गई,रात्रि के समय यह मार्ग अत्यंत व्यस्त रहता है,ऐसे में अचानक सड़क अवरुद्ध होने से अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा,तेज रफ्तार से आ रहे वाहनों के लिए यह स्थिति संभावित दुर्घटना का कारण बन सकती थी।
बढ़ाई गई धाराएं और वाहन जब्ती : जांच के दौरान आरोपियों द्वारा सार्वजनिक स्थल पर खतरनाक तरीके से बाधा उत्पन्न करना,वाहन खड़ा कर आवागमन अवरुद्ध करना और पटाखे फोड़ना प्रमाणित पाए जाने पर बीएनएस की धारा 287 एवं 288 के साथ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 (लापरवाही से वाहन चलाना/खड़ा करना) और 201 भी जोड़ी गई, घटना में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहन (कार) पुलिस द्वारा जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ पर सख्त रुख : पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर इस प्रकार की गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ गंभीर खिलवाड़ भी हैं,जश्न मनाना अपराध नहीं है, लेकिन यदि वह दूसरों की जान जोखिम में डालकर किया जाए तो उस पर सख्त कार्रवाई तय है,पुलिस ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी सड़क पर स्टंट,आतिशबाजी या जश्न मनाकर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
कार्रवाई में सक्रिय टीम : इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता,प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी,आरक्षक विकास मिश्रा,संतोष जायसवाल,सुनील एक्का, शोभनाथ कुशवाहा तथा साइबर सेल की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस की अपील : सूरजपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का पालन करें,सड़क को जश्न का स्थल न बनाएं,यातायात नियमों का सम्मान करें,सोशल मीडिया के दिखावे के लिए जोखिम न लें,पुलिस ने दोहराया है कि कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीआईजी-एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशांत कुमार ठाकुर,डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर,ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए,पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गईं, तकनीकी साक्ष्यों,सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर लगातार दबिश दी गई,विभिन्न संभावित स्थानों पर तलाश के बाद सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं
अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24 वर्ष),वार्ड क्र. 44, अम्बिकापुर
अंशुल अग्रवाल (25 वर्ष),अम्बिकापुर
प्रथम अग्रवाल (24 वर्ष),मणिपुर,अम्बिकापुर
शुभम अग्रवाल (23 वर्ष),कुंडला सिटी,अम्बिकापुर
महेश साहू (27 वर्ष),बिलासपुर चौक,अम्बिकापुर
निखिल रामा (26 वर्ष),जनपदपारा,अम्बिकापुर
अरुण देवांगन (39 वर्ष),लटोरी
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur