Breaking News

अम्बिकापुर@ऑनलाइन निवेश और टूर पैकेज के नाम पर ठगी

Share


दो मामलों में कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया अपराध,जांच जारी


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर में ठगी के दो अलग-अलग मामलों में कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक मामले में टेलीग्राम ग्रुप के जरिए ऑनलाइन निवेश का झांसा देकर 80 हजार रुपए ठगे गए, जबकि दूसरे मामले में टूर पैकेज के नाम पर 18 हजार रुपए लेकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस के अनुसार भगत सिंह वार्ड,गुदरी चौक निवासी रविश कुमार वर्मा उर्फ सोनू ने शिकायत दर्ज कराई है। पीडि़त जूता-चप्पल ट्रेडिंग का काम करता है। रविश ने बताया कि 9 सितंबर 2025 को उसे मोबाइल के माध्यम से टेलीग्राम पर डीएफबीएन नामक ग्रुप से जोड़ा गया था। ग्रुप के एडमिन ने ऑनलाइन निवेश के टास्क पूरे करने पर अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन दिया। इसके झांसे में आकर पीडि़त ने अलग-अलग किस्तों में करीब 80 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। बाद में लाभ नहीं मिलने पर उसे धोखाधड़ी का एहसास हुआ। उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरे मामले में विलक्षण कॉलोनी, घुटरापारा निवासी सोमेंद्र नारायण गुप्ता ने टूर के नाम पर ठगी की शिकायत की है। पीडि़त के अनुसार महाराष्ट्र निवासी शाहबाज अंसारी तथा अंबिकापुर के संजय खूंटे और समीर ने रेडमार्स क्लब वैकेशन एंड हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से आकाशवाणी चौक स्थित होटल कृष दक्ष की पहली मंजिल में कार्यालय खोला था। आरोपियों ने चार लोगों के लिए रेल व हवाई यात्रा टिकट, स्टेशन से होटल तक आने-जाने और अन्य सुविधाओं का दावा करते हुए टूर पैकेज के नाम पर 18 हजार रुपए ले लिए। पीडि़त ने यूपीआई के माध्यम से राशि संजय खूंटे को ट्रांसफर की थी। इसके बाद कार्यालय बंद कर आरोपी गुपचुप तरीके से फरार हो गए। कंपनी की वेबसाइट भी बंद बताई जा रही है। संपर्क करने पर मोबाइल फोन भी बंद मिला। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply