Breaking News

अम्बिकापुर@फार्म-7 के दुरुपयोग का आरोप,कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

Share


हजारों मतदाताओं के नाम कटवाने के प्रयास पर कार्रवाई की मांग

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया के दौरान फार्म-7 के माध्यम से वैध मतदाताओं के नाम कटवाने के कथित संगठित प्रयास के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार नायक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दूसरे चरण में दावा-आपत्ति के दौरान भाजपा से जुड़े कुछ लोगों द्वारा जिलेभर में फार्म-7 का दुरुपयोग करते हुए हजारों मतदाताओं के नाम हटाने के आवेदन दिए गए। कांग्रेस के अनुसार अकेले अंबिकापुर शहर में 1143 मतदाताओं के नाम यह कहकर कटवाने का आवेदन प्रस्तुत किया गया कि संबंधित मतदाता मौजूद नहीं हैं।
अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने का आरोप : कांग्रेस ने दावा किया कि जिन मतदाताओं के नाम कटवाने का आवेदन दिया गया, उनमें कई अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े लोग शामिल हैं। पार्टी ने इसे संगठित प्रयास बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
भौतिक सत्यापन की मांग : जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने मांग की कि संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की मौजूदगी में नाम कटाने के लिए दिए गए आवेदनों का भौतिक सत्यापन कराया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सत्यापन में आवेदन गलत पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 212 तथा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 31 के तहत कार्रवाई की जाए।
निर्वाचन अधिकारी
ने दिया आश्वासन

उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार नायक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि बिना भौतिक सत्यापन के ड्राफ्ट सूची में शामिल किसी भी मतदाता का नाम विलोपित नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गलत फार्म-7 प्रस्तुत करने वालों पर विधिक अभिमत लेकर कार्रवाई की जाएगी।
थानों में अपराध दर्ज
कराने की तैयारी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ लेवल एजेंटों को निर्देश दिया है कि फर्जी आवेदनों के खिलाफ थानों में अपराध दर्ज कराया जाए। साथ ही जल्द न्यायालय में परिवाद दायर करने की भी बात कही गई है। इस दौरान पीसीसी पदाधिकारी,कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में प्रभावित मतदाता मौजूद रहे।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply