विधायक भूलन सिंह मरावी रहे उपस्थिति
सूरजपुर,16 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गोवर्धन पर्वत दियागढ़ धाम में श्रद्धा,भक्ति और उत्साह के साथ भव्य भजन मेला एवं विशाल भंडारे का आयोजन संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत गोकुलपुर,पम्पानगर एवं द्वारिकापुर के मध्य स्थित इस प्रमुख धार्मिक स्थल पर शिव मंदिर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं,जिसके चलते कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप में आयोजित हुआ। दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित भक्ति संगीत कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक एम.डी. महंत ने शिव भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी,उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा परिसर शिवमय हो गया,भजन संध्या के साथ-साथ विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया,जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी शामिल हुए,अपने संबोधन में उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता,सद्भाव और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं, उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और विकास सामाजिक समरसता को मजबूत करता है,विधायक ने क्षेत्र के विकास एवं धार्मिक स्थलों के संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष परमेश्वर यादव ने की। इस आयोजन को सफल बनाने में मेला समिति के पदाधिकारियों, क्षेत्रीय सरपंचों,जनप्रतिनिधियों एवं समस्त ग्रामवासियों की सक्रिय भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur