

,
एसडीएम समेत 4 पर हत्या का केस
चारों आरोपी गिरफ्तार,कुसमी में तनाव,आदिवासी समाज का प्रदर्शन
कुसमी,16 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। क्षेत्र में अवैध बॉक्साइट खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान हुई मारपीट में एक ग्रामीण की मौत का मामला गंभीर हो गया है। पुलिस ने मर्ग जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर एसडीएम समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद नगर में भारी पुलिस बल तैनात है और देर शाम तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम हंसपुर से लगे झारखंड के लुचूतपाठ इलाके में अवैध बॉक्साइट खनन की सूचना पर प्रशासनिक टीम पहुंची थी। आरोप है कि घूंसा पाठ रोड स्थित महादेव डूबा नाला के पास रात करीब 8-9 बजे एसडीएम सहित साथ मौजूद लोगों ने तीन ग्रामीणों के साथ डंडे, रॉड व हाथ-लात से मारपीट की। घटना में 62 वर्षीय राम उर्फ रामनरेश की गंभीर चोटों से मौत हो गई, जबकि अजीत राम (60) और आकाश अगरिया (20) घायल हो गए। दोनों का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के बाद टीम हंसपुर की महिला उपसरपंच गीता देवी के घर पहुंची और भोला उर्फ बैजनाथ की तलाश करने लगी। परिजनों ने बताया कि वह टांगीनाथ धाम गया है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा घर में तलाशी लेने और पास के शिव प्रसाद गुप्ता के घर भी पूछताछ करने की बात सामने आई है। प्रशासन को संदेह था कि भोला द्वारा अवैध खदान में मजदूरों से काम कराया जा रहा था।
इलाज के दौरान मौत,मर्ग से शुरू हुई जांच : पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार घायल रामनरेश को बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया,लेकिन आगे नहीं ले जाया जा सका। 16 फरवरी की रात 12.14 बजे उनकी मृत्यु हो गई। चिकित्सक की सूचना पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी।
आदिवासी समाज में आक्रोश, शव का अंतिम संस्कार रोका : घटना के बाद सर्व आदिवासी समाज में भारी आक्रोश है। समाज के लोगों ने मोटरसाइकिल रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। बेलगंगा नदी पुलिया के पास देर शाम तक गहमा-गहमी की स्थिति बनी रही। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में एक लाख रुपए तथा मृतक के तीन बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने का आश्वासन दिया है। वहीं समाज के लोग पांच करोड़ रुपए मुआवजा सहित अन्य मांगों पर अड़े हैं और शव का अंतिम संस्कार नहीं करने दे रहे हैं।
स्थिति पर नजर विवेचना जारी
नगर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक,अपर कलेक्टर सहित कई थाना-चौकियों का बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इधर,क्षेत्र के कई लोगों ने एसडीएम की कार्यप्रणाली को लेकर पहले भी नाराजगी की बात कही है। प्रशासन हालात सामान्य करने के प्रयास में जुटा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हत्या का अपराध दर्ज
पुलिस ने चश्मदीद गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पाया कि 15 फरवरी 2026 की रात आरोपियों द्वारा मारपीट की गई थी। प्रथम दृष्टया अपराध सिद्ध पाए जाने पर एसडीएम करुण कुमार डहरिया,अजय प्रताप सिंह उर्फ विक्की सिंह,मजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1),115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur