मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पूर्व विधायक गुलाब कमरो
मनेंद्रगढ़/सिरौली,14 फरवरी 2026(घटती-घटना)। ग्राम पंचायत सिरौली में नवयुवक मंडल खेल समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आज उत्साहपूर्ण समापन हुआ,प्रतियोगिता के तृतीय दिवस आयोजित फाइनल मुकाबलों में खिलाडि़यों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक गुलाब कमरो उपस्थित रहे, तीन दिनों तक चले इस आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और ग्रामीण प्रतिभाओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। मैदान में सुबह से ही खेल प्रेमियों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा वातावरण उत्सव में बदल गया।

गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष शरण सिंह, पूर्व जनपद सदस्य रफीक मेमन, संभागीय जनजातीय अध्यक्ष परमेश्वर गुरुजी, आदिवासी कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमोल सिंह मरावी,सांसद प्रतिनिधि अमर सिंह, जनपद सदस्य श्रीमती पूजा कोल, सरपंच मदन सिंह, शफीउल्ला, फारूक भाई सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, खेल प्रेमियों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं की बड़ी संख्या ने आयोजन को सफल बनाया।
खेलों से जागी नई ऊर्जा
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता ने सिरौली ग्राम पंचायत में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया,ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने का यह प्रयास आने वाले समय में क्षेत्रीय स्तर पर और बड़े खेल आयोजनों का मार्ग प्रशस्त करेगा, सिरौली का यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं,बस अवसर और सहयोग की आवश्यकता है।
पुरुष एवं महिला कबड्डी मुकाबले रहे आकर्षण का केंद्र
पुरुष वर्ग के कबड्डी फाइनल मुकाबले में चिराईपानी टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि भौता टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया, महिला वर्ग के फाइनल में लकरापारा टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया, गोंडवाना फाइटर बेलकामार टीम द्वितीय और नौगोई टीम तृतीय स्थान पर रही, विजेता एवं उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पारंपरिक खेलों की भी रही झलक
प्रतियोगिता में केवल कबड्डी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण परंपराओं से जुड़े विभिन्न खेलों का भी आयोजन किया गया, घड़ा फोड़, रस्साकसी, कुर्सी दौड़, सूई-धागा प्रतियोगिता, 100 एवं 200 मीटर दौड़ और सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में गांव के युवक-युवतियों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, इन प्रतियोगिताओं ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया तथा ग्रामीण संस्कृति की झलक प्रस्तुत की।
खिलाडि़यों का उत्साहवर्धन
मुख्य अतिथि गुलाब कमरो ने खिलाडि़यों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है,जरूरत केवल सही मंच और प्रोत्साहन की है,उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन,आत्मविश्वास और सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं, उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण अंचल में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को नशे एवं अन्य नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखने में सहायक होते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur