ट्रैक्टर हादसे में घायल महिला की बड़ी आंत निकालकर बचाई जान,जशपुर की महिला की जांघ से 2 किलो का ट्यूमर हटाया
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,13 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने दो जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन कर चिकित्सा क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। इन सर्जरी के जरिए गंभीर रूप से पीडि़त दो मरीजों को नया जीवन मिला है। एक ओर खेत में हुए ट्रैक्टर हादसे में घायल महिला का बड़ा ऑपरेशन किया गया, वहीं दूसरी ओर जशपुर जिले की महिला की जांघ से वर्षों पुराना ट्यूमर निकालकर उसे राहत दी गई। रामानुजगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली रूकमणि कुछ दिन पहले अपने पति के साथ खेत में काम कर रही थी। पति ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। जुताई पूरी होने के बाद ट्रैक्टर को खड़ा कर वह दूसरे काम में लग गया। इस दौरान ट्रैक्टर की चाबी वहीं लगी रह गई। पति के कहने पर महिला चाबी निकालने ट्रैक्टर के पास पहुंची। चाबी निकालते समय वह गलती से उल्टी दिशा में घूम गई,जिससे ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट हो गया और अनियंत्रित होकर पास ही एक पेड़ से जा टकराया। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद महिला को तत्काल इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि महिला की पसली टूट चुकी थी और बड़ी आंत में गंभीर चोट लगने के कारण अंदर संक्रमण फैल गया था। स्थिति लगातार बिगड़ रही थी और मरीज की जान पर खतरा मंडरा रहा था। डॉक्टरों ने पहले पसली का उपचार किया,इसके बाद महिला की हालत को देखते हुए इमरजेंसी सर्जरी का निर्णय लिया गया। करीब तीन घंटे तक चले ऑपरेशन में महिला की बड़ी आंत को निकालना पड़ा। इसके साथ ही मल निष्कासन के लिए पेट के रास्ते वैकल्पिक मार्ग बनाया गया। डॉक्टरों के अनुसार यह सर्जरी बेहद जटिल थी, लेकिन समय पर उपचार से महिला की जान बचाई जा सकी।
7 साल से दर्द झेल रही महिला की जांघ से निकला विशाल ट्यूमर : दूसरा मामला जशपुर जिले की 59 वर्षीय सुशिला का है। वह पिछले सात वर्षों से लगातार पैर दर्द और चलने में परेशानी से जूझ रही थी। जांच कराने पर दाहिनी जांघ में बड़ा ट्यूमर पाया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर महिला की जांघ से करीब दो किलो वजनी ट्यूमर सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज को राहत मिली है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रही मौजूद : दोनों जटिल सर्जरी में मेडिकल कॉलेज अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पीआर शिवहरे, डॉ. मनोज भारती, डॉ. इंद्रनिल, डॉ. आनंद कुमार सहित अन्य सहयोगी डॉक्टरों और स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अस्पताल प्रबंधन ने इसे मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए टीम को बधाई दी है।
मरीजों के परिजन ने जताया आभार : ऑपरेशन के बाद मरीजों के परिजनों ने डॉक्टरों की टीम का धन्यवाद किया और समय पर इलाज मिलने से राहत की बात कही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur