छिंदडांड़ जिला कार्यालय में हुई बैठक, बूथ स्तर तक योजनाओं को पहुंचाने पर जोर
बैकुंठपुर,10 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी जिला कोरिया द्वारा आगामी कार्ययोजना को लेकर बूथ स्तरीय प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक भाजपा जिला कार्यालय छिंदडांड़ में आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल, सहकारी बैंक सरगुजा उपाध्यक्ष जगदीश साहू, जिला उपाध्यक्ष बसंत राय,अशोक जायसवाल, राजेश सिंह,चुन्नी पैकरा,अनिल साहू,जनपद उपाध्यक्ष प्यारे साहू, जिला महामंत्री पंकज गुप्ता, कपिल जायसवाल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी ने संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने बूथ प्रभारियों से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर पर प्रवास कर समितियों का सत्यापन करें और संगठन की संरचना को और मजबूत बनाएं। पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत रोजगार गारंटी जैसी योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और श्रमिक वर्ग आर्थिक रूप से सशक्त होगा। बैठक में जिला सह मीडिया प्रभारी गणेश यादव, सोशल मीडिया प्रभारी जगनारायण साहू, मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सतेन्द्र राजवाड़े, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीता यादव, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवचरण साहू सहित बड़ी संख्या में बूथ प्रभारी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार और आगामी अभियानों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर सहमति बनी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur