Breaking News

अम्बिकापुर@महिला ने की आत्महत्या..अस्पताल में मायके-ससुराल पक्ष में विवाद

Share


पति पर मारपीट के आरोप, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
-संवाददाता-
अम्बिकापुर, 10 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। मायके पक्ष ने मृतका के पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार फूलकुमारी चौधरी (37 वर्ष), पति गिरधर चौधरी, मूल रूप से लटोरी थाना क्षेत्र के द्वारिकानगर की रहने वाली थीं। वह पति और बच्चों के साथ गांधीनगर थाना क्षेत्र के फुंदूरडिहारी में निवासरत थीं। सोमवार को उनके बड़े बेटे का जन्मदिन था। बताया जा रहा है कि बेटे को नहाने के लिए डांटने के दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। गुस्से में महिला ने कुकर पति की ओर फेंक दिया और घर से बाहर चली गई। कुछ देर बाद वह बाथरूम में फांसी पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे उतारकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया गया।
पिता ने लगाए गंभीर आरोप
पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल में मायके और ससुराल पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि गिरधर चौधरी अक्सर उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। उनका कहना है कि घटना के दिन भी विवाद के दौरान मारपीट हुई थी।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर @ संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के निर्देश पर सरगुजा संभाग में ‘आकार-2026’ का आयोजन

Share उदयपुर और लखनपुर में 8 से 14 जून तक चलेगा पारंपरिक शिल्प एवं कला …

Leave a Reply