Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा ओलम्पिक अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिता 10 से 12 फरवरी 2026 तक अम्बिकापुर में…

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। बस्तर ओलम्पिक के सफल आयोजन के पश्चात छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इस वर्ष सरगुजा ओलम्पिक खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 14 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाएँ तथा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी 12 विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 28 दिसम्बर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन किया गया। सरगुजा संभाग के 6 जिलों से कुल 3,49,370 खिलाडि़यों ने पंजीयन कराया, जिनमें 1,59,712 पुरुष एवं 1,89,658 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सर्वाधिक 43,870 खिलाडि़यों ने एथलेटिक्स स्पर्धा में पंजीयन कराया। द्वितीय चरण के अंतर्गत 28 जनवरी से 3 फरवरी 2026 के बीच संभाग के सभी 32 विकासखण्डों में विकासखण्ड स्तरीय खेलों का आयोजन किया गया। नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाडि़यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। शासन द्वारा खिलाडि़यों को प्रमाण पत्र, मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाडि़यों के लिए आवागमन एवं भोजन की समुचित व्यवस्था प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई। अब प्रतियोगिता के तृतीय चरण में जिला स्तरीय खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जो सभी जिला मुख्यालयों में संपन्न होंगे। विकासखण्ड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त खिलाड़ी जिला स्तर पर भाग लेंगे, जबकि हॉकी एवं कुश्ती के पंजीकृत खिलाड़ी सीधे जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। सरगुजा संभाग के सभी 6 जिलों में फरवरी माह के द्वितीय एवं तृतीय सप्ताह में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित किए जा रही हैं। अम्बिकापुर में जिला स्तरीय प्रतियोगिता 10 से 12 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर भाग लेने वाले खिलाडि़यों के लिए प्रशासन द्वारा परिवहन, भोजन एवं रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाडि़यों को क्रमशः 2000, 1500 एवं 1000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं दलीय खेलों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को क्रमशः 4000, 3000 एवं 2000 की पुरस्कार राशि के साथ प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। जिला स्तरीय आयोजन हेतु संबंधित जिले के कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply