Breaking News

अम्बिकापुर@छत्तीसगढ़ का शिमला मैनपाट फिर होगा गुलजार,13 से 15 फरवरी तक महोत्सव

Share


मनोज तिवारी,कनिका कपूर समेत कई नामी कलाकार देंगे प्रस्तुति,मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मैनपाट महोत्सव 2026 का आयोजन 13 से 15 फरवरी तक किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में इस बार लंबे समय बाद फिर से भव्यता देखने को मिलेगी। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रशासन और पर्यटन विभाग द्वारा इसे आकर्षक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं। महोत्सव के दौरान पर्यटकों के लिए एडवेंचर गेम्स, बोटिंग, झूले, भव्य मेला और दंगल जैसे कई आकर्षक आयोजन रखे गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य मैनपाट की पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक सैलानियों को यहां आकर्षित करना है। राज्य शासन द्वारा इस आयोजन के लिए 10 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। पिछले कुछ वर्षों में यह आयोजन औपचारिकता तक सीमित रह गया था, लेकिन इस बार इसे नए स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है।
पहले दिन मनोज तिवारी बांधेंगे समां : 13 फरवरी को महोत्सव का शुभारंभ होगा। पहले दिन भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी मंच पर प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और ओडिशा के प्रसिद्ध छउ नृत्य कलाकार हरिपद मोहंता भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां भी इस दिन विशेष आकर्षण रहेंगी।
दूसरे दिन छत्तीसगढ़ के सितारे करेंगे मंच रोशन : महोत्सव के दूसरे दिन 14 फरवरी को सरगुजा के लोकप्रिय गायक स्वप्निल जायसवाल, छत्तीसगढ़ी गायिका अलका चंद्राकर और रियलिटी शो फेम वैशाली रायकवार प्रस्तुति देंगी। ओडिशा के कलाकारों की भागीदारी भी इस दिन खास रहेगी।
समापन पर कनिका कपूर बिखेरेंगी जलवा : महोत्सव का समापन 15 फरवरी को होगा। अंतिम दिन बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका कनिका कपूर अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही रायगढ़ घराने की कत्थक नृत्यांगना ज्योतिश्री वैष्णव और उभरते गायक आयुष नामदेव भी मंच साझा करेंगे।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम : मैनपाट की सुरम्य वादियां सालभर पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। विशेष रूप से ठंड के दिनों में यहां बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। इस महोत्सव से पर्यटन को नया आयाम मिलने की उम्मीद है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply