Breaking News

अम्बिकापुर@सरगुजा में इग्नू से खुल रहे शिक्षा के नए अवसर…घर बैठे पढ़ाई

Share


333 कोर्स संचालित,जल्द शुरू होंगे एआई आधारित पाठ्यक्रम

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जैसे आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्र में उन लोगों के लिए शिक्षा की नई राह खुल रही है, जो समय पर नियमित पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और घर बैठे अध्ययन की सुविधा को लेकर विशेष पहल शुरू की है। सरगुजा में इग्नू का अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र केआर टेक्निकल कॉलेज में संचालित हो रहा है। इस संबंध में इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. गौडा राजेंद्र ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. राजेंद्र ने बताया कि इग्नू के माध्यम से वर्तमान में कुल 333 पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, पीजी डिप्लोमा सहित ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार के कोर्स शामिल हैं। ज्योतिष और भगवद गीता जैसे पारंपरिक विषयों के साथ-साथ आधुनिक और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रम भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले छह महीनों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित टेक्नोलॉजी कोर्स भी शुरू किए जाएंगे।
सरगुजा में जागरूकता बढ़ाने पर जोर
देशभर में लगभग 33 लाख विद्यार्थी इग्नू से अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन सरगुजा संभाग में अभी अपेक्षित जागरूकता नहीं है। इसी को देखते हुए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. राजेंद्र ने बताया कि इग्नू को नेक से ए प्लस-प्लस ग्रेड और एनआईआरएफ में टॉप रैंकिंग प्राप्त है। अध्ययन सामग्री की गुणवत्ता भी उच्च स्तर की होती है।
घर तक पहुंचती है अध्ययन सामग्री
इग्नू में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री सीधे घर तक भेजी जाती है। छात्रों को केवल परीक्षा के समय परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होता है। एसटी-एससी वर्ग के ऐसे विद्यार्थियों की वार्षिक आय ढाई लाख रुपये से कम होने पर बीए, बीएससी और बीकॉम में 50 प्रतिशत शुल्क छूट दी जा रही है।
जेल में बंद कैदियों के लिए निःशुल्क शिक्षा
डॉ. राजेंद्र ने बताया कि जेल में बंद कैदियों के लिए इग्नू द्वारा पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्र भी जेल परिसर में ही होता है। इस अवसर पर इग्नू सेंटर समन्वयक डॉ. रीनू जैन, केआर टेक्निकल कॉलेज के शासी निकाय उपाध्यक्ष राहुल जैन,प्राचार्य रितेश वर्मा,शासी निकाय अध्यक्ष एवं इग्नू केंद्र प्रमुख कांत दुबे सहित अन्य उपस्थित रहे।
बिना आयु सीमा दूसरी डिग्री का भी मौका
इग्नू की खासियत यह है कि छात्र किसी अन्य कॉलेज में पढ़ाई करते हुए भी इग्नू से साथ-साथ दूसरी डिग्री प्राप्त कर सकते हैं। पीजीडीसीजे,साइबर लॉ और मास कम्युनिकेशन जैसे कोर्स युवाओं के लिए विशेष उपयोगी हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कोई आयु सीमा नहीं है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply