Breaking News

कोरिया@ उत्सव के बीच गुहार! पांच माह से मानदेय को तरसतीं मितानिनों ने सीएम की पत्नी कौशिल्या साय को सुनाई व्यथा

Share

मैडम अब घर चलाना मुश्किल… मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगा जल्द समाधान
कोरिया,07 फरवरी 2026(घटती-घटना)।
क्षेत्र में आयोजित ‘बसन्तोत्सव’ कार्यक्रम उस समय अचानक चर्चा का केंद्र बन गया, जब खुशियों और सांस्कृतिक रंगों के बीच स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानी जाने वाली मितानिनों ने अपनी आर्थिक पीड़ा को सार्वजनिक मंच तक पहुंचा दिया। मानदेय भुगतान को लेकर संघर्ष कर रहीं मितानिन ब्लॉक समन्वयकों ने मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशिल्या साय को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अपनी समस्याओं का समाधान कराने की गुहार लगाई, भावुक अंदाज में मितानिनों ने कहा — मैडम,अब घर चलाना मुश्किल हो गया है। हमारी समस्या का समाधान जरूर करवाइयेगा। उत्सव के रंगों के बीच उठी मितानिनों की यह आवाज अब शासन-प्रशासन के लिए एक अहम संदेश बन गई है,देखना होगा कि उनकी गुहार कितनी जल्दी फैसलों तक पहुंचती है और कब तक उनके रुके हुए मानदेय का इंतजार खत्म होता है।
क्या बोलीं मितानिन बहनें…
हम पांच महीने से खाली हाथ सेवा दे रहे हैं। घर की स्थिति खराब हो चुकी है, हमें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री जी हमारी व्यथा समझेंगे और जल्द राहत देंगे।— सुंदरकली तिर्की व सोनमती साहू, मितानिन समन्वयक
सवालों के घेरे में व्यवस्था…
वसन्तोत्सव जैसे उत्सवी माहौल में उठी यह गुहार अब प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी मानी जाने वाली मितानिनों को समय पर मानदेय न मिलना स्वास्थ्य तंत्र की प्राथमिकताओं पर चर्चा को जन्म दे रहा है।
मुख्यमंत्री जी तक पहुंचाइये हमारी आवाज-भावुक अपील
श्रीमती कौशिल्या साय से मुलाकात के दौरान मितानिनों ने कहा कि वे गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन आज खुद अपने परिवार की जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हो रही हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री की पत्नी के माध्यम से उनकी आवाज सरकार तक पहुंचेगी और जल्द राहत मिलेगी।
चार दिन पहले CMHO को भी सौंपा था आवेदन
यह विरोध अचानक नहीं था। जानकारी के अनुसार, मितानिन ब्लॉक समन्वयकों ने महज चार दिन पहले ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को लिखित आवेदन देकर भुगतान की मांग की थी। लेकिन विभागीय स्तर पर ठोस आश्वासन नहीं मिलने से उन्होंने बसन्तोत्सव में पहुंचे अतिथि के सामने अपनी बात रखने का फैसला किया।
आर्थिक तंगी से जूझ रहीं स्वास्थ्य सेवा की आधारशिला
मितानिन ब्लॉक समन्वयक सुंदरकली तिर्की और सोनमती साहू के नेतृत्व में पहुंचीं मितानिनों ने बताया कि वे पिछले पांच महीनों से बिना मानदेय के लगातार सेवा दे रही हैं,कोविड काल से लेकर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली इन कार्यकर्ताओं की आर्थिक स्थिति अब गंभीर हो चुकी है,उनका कहना है कि नियमित भुगतान नहीं होने से परिवार चलाना तक मुश्किल हो गया है और कई मितानिनें मानसिक तनाव से गुजर रही हैं।
ज्ञापन में उठाई गई प्रमुख मांगें…

  • बकाया मानदेय: ब्लॉक समन्वयक, हेल्प डेस्क मितानिन और स्वास्थ्य पंचायत समन्वयकों को पांच माह से भुगतान नहीं।
  • कम राशि और अस्पष्ट जानकारी: केंद्रांश और राज्यांश की राशि बेहद कम मिलने तथा किस मद से कितना भुगतान हुआ,इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
  • मानसिक दबाव: बिना वेतन लगातार सेवा देने से मितानिनों में भारी रोष और मानसिक तनाव।

Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply