Breaking News

अम्बिकापुर@देव होटल के पास दो राउंड फायरिंग,आरोपी फरार

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,07 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के देव होटल के पास शुक्रवार शाम गोली चलने की घटना अब सही पाई गई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे अफवाह बताया था,लेकिन बाद में जांच के दौरान दो राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार होटल संचालक के भतीजे हनि सिंह ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की थी। घटना के बाद से आरोपी शनिवार सुबह से फरार है। एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे देव होटल के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही सीएसपी राहुल बंसल,गांधीनगर थाना और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती पूछताछ में हनि सिंह और उसके परिजनों ने घटना से इनकार किया,जिससे पुलिस को मामला अफवाह प्रतीत हुआ। हालांकि,आसपास के लोगों ने पटाखे जैसी तेज आवाज सुनने की बात कही,जिसके बाद संदेह गहराया और जांच आगे बढ़ाई गई। जांच में होटल गेट के पास दो राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 25-27 एवं 125 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुराना विवाद बना कारण
पुलिस के अनुसार हनि सिंह का एक व्यक्ति से पुराना विवाद चल रहा है। करीब 10 से 15 दिन पहले भी दोनों के बीच होटल के पास मारपीट हुई थी। उस समय दोनों पक्षों ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी,केवल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई थी। शुक्रवार शाम करीब 5.30 बजे हनि सिंह अपने साथियों के साथ कार से पीजी कॉलेज की ओर गया था। इसी दौरान दूसरे गुट के लोगों ने उसकी कार को ओवरटेक कर डंडा फेंका और पीछा करते हुए देव होटल तक पहुंच गए। इसी दौरान आरोपी ने फायरिंग की।
तीन संदेही हिरासत में,हथियार जब्त
घटना के दूसरे दिन पुलिस ने फिर घटनास्थल का निरीक्षण किया। होटल में ठहरे तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने होटल से एक एयरगन जब्त की है। सूत्रों के अनुसार 4 से 5 लाइसेंसी बंदूकें भी जब्त की गई हैं।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply