अम्बिकापुर,06 फरवरी 202६ (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र में सूने गोदाम से हुई चोरी के मामले में पुलिस ने खरीदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी अशोक कुमार अग्रवाल निवासी बनारस रोड जवाहर मार्केट ने 4 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3-4 फरवरी की दरम्यानी रात अज्ञात चोर गोदाम का दरवाजा तोडकर अंदर घुसे और समरसीबल पंप, कटर, ग्राइंडर, मोटर, एल्यूमिनियम के टुकड़े सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए बताई गई। मामले में गांधीनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी तनुज चौबे (26) निवासी बाजार के पास गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी का सामान बोरे में भरकर परिचित ऑटो चालक विक्की राय के साथ मिलकर ऑटो में लोड किया गया। इसके बाद चोरी का माल सदर रोड स्थित बर्तन दुकानदार अंबिकेश गुप्ता को बेच दिया गया। पुलिस ने आरोपी विक्की राय (30) निवासी फुंदुलडिहारी बनारस रोड और खरीदार अंबिकेश गुप्ता (42) निवासी अग्रसेन चौक को भी गिरफ्तार किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur