…
अम्बिकापुर,06 फरवरी 2026 (घटती-घटना)।पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पडने के बाद सरगुजा संभाग में एक बार फिर उत्तरी सर्द हवाओं का असर तेज हो गया है। इसके चलते पाट क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पाट इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जबकि अंबिकापुर में यह गिरकर 8.4 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी पांच दिनों तक ठंड का असर बना रह सकता है और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय रहने से न्यूनतम तापमान बढकर 11 डिग्री तक पहुंच गया था। मंगलवार को सोनहत सहित कई क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होते ही उत्तरी हवाएं तेजी से प्रवेश कर रही हैं। दिन और रात के तापमान में करीब 20 डिग्री तक का अंतर लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रहा है। रातें अत्यधिक सर्द होने से सर्दी, खांसी और वायरल जैसी मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, सावधानी बरतने और मौसम के अनुसार दिनचर्या अपनाने की सलाह दी है। अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आने का अनुमान है। मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि आने वाले दिनों में नया सिस्टम सक्रिय होने पर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। 10 फरवरी के बाद ठंड से कुछ राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur