बिना अनुमति समारोह कराने के आरोप, तीन दिनों तक शोर-शराबे से पढ़ाई प्रभावित-छात्रों ने प्रबंधन की भूमिका पर उठाए सवाल
परीक्षा के बीच शादी समारोह छात्रों की बढ़ी परेशानी
बैकुंठपुर,06 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। शासकीय रामानुज प्रताप सिंहदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैकुंठपुर में सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान विवाह समारोह आयोजित किए जाने का मामला सामने आया है, बताया जा रहा है कि तीन दिनों तक कॉलेज परिसर में शादी की तैयारियां और कार्यक्रम चलते रहे, जिससे परीक्षा देने आए छात्र-छात्राओं को शोर-शराबे और भीड़भाड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। छात्रों का कहना है कि परीक्षा के दौरान अपेक्षित शांति नहीं मिल सकी, जिससे पढ़ाई और एकाग्रता प्रभावित हुई।
प्राचार्य की अनुमति पर उठे सवाल
इस पूरे आयोजन को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर किस अधिकार से महाविद्यालय परिसर निजी समारोह के लिए उपलब्ध कराया गया, छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि क्या प्राचार्य स्तर पर अनुमति दी गई थी या फिर बिना सक्षम अनुमति के ही आयोजन हुआ, यदि अनुमति दी गई तो परीक्षा अवधि में ऐसा निर्णय क्यों लिया गया — यह अब जांच का विषय बनता जा रहा है।
छात्रों की नाराज़गी-‘पढ़ाई से ज्यादा प्राथमिकता समारोह को? छात्रों का आरोप है कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण समय में भी प्रबंधन ने शैक्षणिक वातावरण की अनदेखी की। कई विद्यार्थियों ने सवाल उठाया कि जब परीक्षाएं चल रही थीं, तब कॉलेज परिसर में लाउडस्पीकर, सजावट और वाहनों की आवाजाही कैसे अनुमति दी गई, उनका कहना है कि यह निर्णय छात्रों के हितों के विपरीत है और इससे संस्थान की छवि पर भी असर पड़ता है।
पहले से छोटा हो चुका है कॉलेज परिसर
महाविद्यालय की कुछ भूमि पहले ही नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय निर्माण के लिए दिए जाने के कारण परिसर सीमित हो चुका है, ऐसे में शेष बचे शैक्षणिक क्षेत्र का उपयोग निजी आयोजनों के लिए होना छात्रों को असहज कर रहा है, विद्यार्थियों का कहना है कि यदि इस तरह की परंपरा जारी रही तो भविष्य में महाविद्यालय का उपयोग शादी घर या अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नियमित रूप से होने लगेगा, जिससे शैक्षणिक माहौल प्रभावित होगा।
क्या शैक्षणिक संस्थानों में निजी आयोजन उचित?
शिक्षा से जुड़े जानकारों का मानना है कि स्कूल और महाविद्यालय जैसे संस्थानों का उपयोग केवल अकादमिक गतिविधियों तक सीमित रहना चाहिए, निजी और पारिवारिक आयोजनों से संस्थान का अनुशासन और गरिमा प्रभावित होती है, खासकर तब जब परीक्षाएं जारी हों, इस घटना ने यह बहस फिर से छेड़ दी है कि क्या सरकारी शैक्षणिक परिसरों का उपयोग इस तरह के समारोहों के लिए किया जाना चाहिए।
जांच और कार्रवाई की मांग…
छात्रों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है, उनका कहना है कि यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में परीक्षा के दौरान ऐसी स्थिति दोबारा न बने और महाविद्यालय का शैक्षणिक माहौल सुरक्षित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur