नंद किशोर राजवाड़े बने सचिव….
होटल रामसेतु में उत्साह और गहमागहमी के बीच संपन्न हुआ जिला इकाई का चुनाव
बैकुंठपुर,02 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की जिला इकाई कोरिया के चुनाव रविवार को बैकुंठपुर स्थित होटल रामसेतु में भारी उत्साह, सक्रिय भागीदारी और हल्की चुनावी गहमागहमी के बीच संपन्न हुए। प्रदेश एवं संभाग स्तरीय पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत शैलेश गुप्ता को सर्वसम्मति एवं बहुमत के आधार पर जिलाध्यक्ष, जबकि नंद किशोर राजवाड़े को जिला सचिव चुना गया, चुनाव में जिले के लगभग सभी प्रमुख दवा व्यवसायियों ने भाग लिया,जिससे आयोजन स्थल सुबह से ही चर्चा,रणनीति और मतदान गतिविधियों का केंद्र बना रहा। निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराया गया।
चुनावी प्रक्रिया में दिखा जोश और प्रतिस्पर्धा : निर्वाचन के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दवा व्यवसायियों की बड़ी भीड़ मौजूद रही। पदों के लिए कई दावेदार मैदान में थे,जिससे चुनावी माहौल काफी रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा। हालांकि, प्रदेश पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ी और अंततः सर्वसम्मति व बहुमत के आधार पर नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया, प्रदेश एवं संभाग स्तर के पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखते हुए निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित की, जिससे सभी सदस्यों में संतोष का वातावरण देखने को मिला।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने साझा किया विजन : ‘व्यापारियों का सम्मान मेरी पहली प्राथमिकता’-शैलेश गुप्ता (जिला अध्यक्ष) नवनिर्वाचित अध्यक्ष शैलेश गुप्ता ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे, उन्होंने कहा कि जिले के दवा व्यवसायियों की समस्याओं का त्वरित समाधान, दवा व्यापार से जुड़े नियमों की जानकारी और विशेष रूप से ऑनलाइन फार्मेसी से उत्पन्न चुनौतियों के बीच स्थानीय केमिस्टों के हितों की रक्षा उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी,उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्यों को साथ लेकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा, संगठन की मजबूती और समन्वय पर रहेगा फोकस’-नंद किशोर राजवाड़े (जिला सचिव) नवनियुक्त सचिव नंद किशोर राजवाड़े ने कहा कि गहमागहमी के बीच मिली यह जिम्मेदारी उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि संगठन के भीतर बेहतर समन्वय,पारदर्शिता और संवाद स्थापित करना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। साथ ही वे प्रदेश संगठन और स्थानीय प्रशासन के बीच सेतु बनकर कार्य करेंगे, ताकि जिले के किसी भी दवा व्यवसायी को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जीत के बाद स्वागत और बधाईयों का दौर : परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और दवा व्यवसायियों में उत्साह की लहर दौड़ गई। फूल-मालाओं, मिठाइयों और आतिशबाजी के साथ नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया, इस अवसर पर उपस्थित प्रदेश और संभाग स्तरीय पदाधिकारियों ने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए दवा व्यवसाय की गरिमा, नियमों के पालन और सामाजिक उत्तरदायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई।
संभाग व प्रदेश स्तर का प्रतिनिधि मंडल रहा मौजूद
छत्तीसगढ़ केमिस्ट एंड डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष राधेश्याम अग्रवाल के सक्षम मार्गदर्शन में वर्तमान उपाध्यक्ष विनोद चंद्राकर एवं संगठन सचिव देवव्रत गौतम के प्रतिनिधित्व में तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कोरिया जिला औषधि विक्रेता संघ का पुनर्गठन सर्वसम्मति से संपन्न कराया, विशिष्ट अतिथियों के रूप में बलरामपुर जिलाध्यक्ष अजय, सचिव द्वारिका नाथ पांडे तथा सरगुजा से शैलेन्द्र गुप्ता की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur