आत्मविश्वास,कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से ही साकार होंगे सपने : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
सूरजपुर,01 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के युवाओं को आत्मनिर्भर, लक्ष्यनिष्ठ और सशक्त बनाने की दिशा में राज्य शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की कड़ी में एक और प्रेरणादायक पहल सामने आई है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर सूरजपुर जिले के भटगांव स्थित स्टेडियम ग्राउंड में कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया,इस कार्यक्रम में 6 से 8 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने भविष्य और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया,आयोजन स्थल विद्यार्थियों के जोश,आत्मविश्वास और सीखने की ललक से पूरी तरह ऊर्जा से भरा नजर आया,कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम ने यह सिद्ध कर दिया कि जब सरकार, समाज और विशेषज्ञ एक मंच पर आते हैं,तो युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिलती है,यह आयोजन सूरजपुर जिले के युवाओं के लिए निश्चित रूप से मील का पत्थर साबित होगा।
युवा ही राष्ट्र के भविष्य के निर्माता : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा आज का युवा ही देश और समाज के भविष्य का निर्माता है,राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है,जिसे स्पष्ट लक्ष्य,सही मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम से ही पूरा किया जा सकता है,उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियां व्यक्ति को कमजोर नहीं, बल्कि और अधिक मजबूत बनाती हैं। सही समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास के साथ कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता, मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने शिक्षा को सफलता की सबसे मजबूत नींव बताते हुए विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें, मूल्यों और जीवनशैली को ध्यान में रखकर करियर चुनें, ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ लें।
‘सोच ऊंची होगी तो उड़ान भी ऊंची होगी’ – एन वी सर
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता देश के प्रख्यात करियर मार्गदर्शक, कोटा (राजस्थान) स्थित मोशन कोचिंग सेंटर के संस्थापक एवं सीईओ नितिन विजय (एन वी सर) रहे, उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी,लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, आत्मविश्वास निर्माण और करियर चयन पर अत्यंत प्रभावशाली मार्गदर्शन दिया, एन वी सर ने कहा ‘सोच ऊंची रखो, उड़ान भी ऊंची होगी,सफलता दो बार मिलती है, पहले मन में और फिर वास्तविक जीवन में,उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि सफलता केवल पढ़ाई से नहीं,बल्कि सही रणनीति, निरंतर अभ्यास,आत्मचिंतन और गलतियों से सीखने की क्षमता से प्राप्त होती है,उन्होंने युवाओं से करियर चयन से पूर्व अपनी रुचि, क्षमता और व्यक्तित्व को समझने की अपील की तथा सोशल प्रेशर में आकर निर्णय न लेने की सलाह दी।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से रामसेवक पैकरा – अध्यक्ष,छत्तीसगढ़ वन विकास निगम, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा,राम कृपाल साहू,परमेश्वरी राजवाड़े,रजनी त्रिपाठी,भीमसेन अग्रवाल, राजेश महलवाला,ठाकुर राजवाड़े,नूतन विश्वास,अनुज राजवाड़े,अशोक राजवाड़े, रेखा राजवाड़े,रमेश गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे,प्रशासनिक स्तर पर जिला पंचायत सीईओ विजेन्द्र पाटले, एसडीएम चाँदनी कंवर,जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभम बंसल,अन्य अधिकारीगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बाल विवाह उन्मूलन और नशा मुक्त भारत का लिया संकल्प
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों ने बाल विवाह उन्मूलन,नशा मुक्त भारत के लिए सामूहिक शपथ लेकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दिया।
हजारों विद्यार्थियों के लिए बना प्रेरणा का मंच
कपिध्वज करियर गाइडेंस कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए केवल एक सेमिनार नहीं, बल्कि आत्मविश्वास जगाने वाला मंच, लक्ष्य तय करने की दिशा, और भविष्य निर्माण का मजबूत आधार साबित हुआ, कार्यक्रम के पश्चात विद्यार्थियों में नए उत्साह, स्पष्टता और आत्मनिर्भर बनने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur