-संवाददाता-
अम्बिकापुर,30 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। धान खरीदी की समय-सीमा बढ़ाने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लखनपुर के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे-43 पर सांकेतिक चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सडक पर बैठकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की,जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार अपने वादों के अनुसार प्रत्येक पंजीकृत किसान का धान खरीदने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है,जबकि अब भी बड़ी संख्या में किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि धान खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी की जाए तथा पंजीकृत किसानों का दाना-दाना धान समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए। नेताओं का कहना था कि खरीदी के लिए कम समय मिलने के कारण किसान मजबूरी में अपनी मेहनत से उगाई गई फसल को औने-पौने दामों पर बेचने को विवश हो रहे हैं। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur