

सूरजपुर,18 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर-रामानुजनगर जनपद अंतर्गत,जिला मुख्यालय से महज 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत देवीपुर-पम्पापुर को जोड़ने वाला मुख्य सड़क मार्ग आज़ादी के बाद से अब तक पक्की सड़क का मुंह नहीं देख सका है। सड़क के नाम पर केवल डब्ल्यूबीएम बिछी हुई है,जो वर्षों से उपेक्षा का शिकार बनी हुई है,इस उपेक्षित मार्ग की कुल लंबाई लगभग 3 किलोमीटर बताई जा रही है। गौरतलब है कि इस सड़क के दोनों ओर एक बहुमूल्य,शिक्षित और टैक्सपेयर श्रेणी की घनी आबादी निवास करती है। सैकड़ों लोग प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद दो ग्राम पंचायतों—देवीपुर और पम्पापुर—के अधीन आने के कारण यह सड़क विकास की फाइलों में ही उलझकर रह गई, जानकारी के अनुसार,लगभग 800 मीटर सड़क ग्राम पंचायत पम्पापुर और शेष 2.2 किलोमीटर ग्राम पंचायत देवीपुर क्षेत्र में आती है।
बरसात में हालात बद से बदत्तर
बरसात के दिनों में इस मुख्य मार्ग की हालत इतनी खराब हो जाती है कि चारपहिया वाहन तो दूर, दोपहिया और साइकिल तक निकालना मुश्किल हो जाता है,सड़क कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है, ऐसे में ग्रामीणों के सामने रोज़ी-रोटी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े कामों के लिए घर से निकलना भी एक बड़ी चुनौती बन जाता है।
बार-बार मांग,फिर भी जस की तस स्थिति
ग्रामीणों ने सड़क के नवनिर्माण और जीर्णोद्धार के लिए ग्रामसभा,जनदर्शन,ग्रामसुराज/जनसुराज जैसे मंचों के माध्यम से कई बार शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकृष्ट कराया, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं।
विधायक से मिले ग्रामीण,मिला आश्वासन
इसी कड़ी में 15 जनवरी (गुरुवार) सुबह 10 बजे, क्षेत्र के लोगों ने वरिष्ठ समाजसेवी एवं ग्राम पंचायत देवीपुर की वर्तमान उपसरपंच प्रमिला सिंह केराम के मार्गदर्शन में दोनों पंचायतों के सरपंचों और युवाओं के साथ क्षेत्रीय विधायक भुलन सिंह मरावी से उनके निज निवास ग्राम पटना में मुलाकात की, मुलाकात के दौरान देवीपुर महामाया घुटरी चौक से कंवरपारा-साहूपारा होते हुए पम्पापुर तालाब चौक तक,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लगभग 3 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी गई। चर्चा के दौरान विधायक ने संबंधित विभाग से खस्ताहाल सड़क का सर्वेक्षण जल्द कराने और जनहित में उपयुक्त माध्यम से सड़क के निर्माण एवं जीर्णोद्धार का आश्वासन दिया।
बैठक में रहे ये लोग उपस्थित
इस अवसर पर रमन साहू, पम्पापुर सरपंच भागवत पैकरा, देवीपुर सरपंच अवध सिंह,शैलेन्द्र साहू सहित अन्य ग्रामीण और युवा साथी मौजूद रहे।
बनेगी सड़क या फिर ‘दूर के ढोल’?
विधायक से मुलाकात के बाद दोनों पंचायतों के लोगों के मन में विकास की एक नई उम्मीद जरूर जगी है, ग्रामीणों को भरोसा है कि भाजपा सरकार का नारा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ केवल नारा नहीं,बल्कि धरातल पर भी दिखेगा,अब देखना यह होगा कि वर्षों से उपेक्षित इस सड़क को वास्तव में नई जिंदगी मिलती है या फिर यह उम्मीद भी ‘दूर के ढोल सुहावने’ बनकर रह जाती है। ग्रामीणों की निगाहें अब शासन और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur