- मांदर की थाप और घुंघरुओं की झंकार से थिरका सूरजपुर,चुनगुड़ी में ऐतिहासिक कर्मा महोत्सव का भव्य आयोजन
- लोकसंस्कृति के रंग में रंगा सूरजपुर,विशाल कर्मा महोत्सव ने रचा इतिहास
- कर्मा नृत्य की गूंज से गूंज उठा चुनगुड़ी,मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बने सांस्कृतिक साक्षी
- छत्तीसगढ़ की संस्कृति का उत्सवः चुनगुड़ी में भव्य कर्मा महोत्सव, विकास घोषणाओं की बरसात
- चुनगुड़ी में संस्कृति और विकास का महाकुंभ,मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ऐतिहासिक कर्मा महोत्सव
- लोकआस्था,परंपरा और विकास का संगम,मांदर की थाप पर थिरका जनसैलाब
- 33 दलों की प्रस्तुति ने मोहा मन,चुनगुड़ी में ऐतिहासिक कर्मा महोत्सव संपन्न




सूरजपुर,18 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोकआस्था का भव्य संगम उस समय देखने को मिला जब सूरजपुर जिले के भटगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम चुनगुड़ी में ऐतिहासिक विशाल कर्मा प्रतियोगिता एवं महोत्सव का आयोजन किया गया। मांदर की गूंजती थाप, घुंघरुओं की झनकार और लोकगीतों की मधुर तान के बीच पूरा क्षेत्र कर्मा नृत्य की लय में झूम उठा, इस महोत्सव ने न केवल सांस्कृतिक चेतना को जीवंत किया, बल्कि विकास, जनकल्याण और लोकपरंपराओं के संरक्षण का भी सशक्त संदेश दिया।
कर्मा महोत्सव लोक परंपराओं का जीवंत स्वरूप : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोकआस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतीक है, ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं, उन्होंने करम देवता को नमन करते हुए कहा कि कर्मा पर्व केवल नृत्य या उत्सव नहीं, बल्कि प्रकृति, सामूहिकता, भाईचारे और संतुलन का संदेश देता है।
विकास की बड़ी घोषणाएं,
चुनगुड़ी को मिली नई पहचान-
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं चुनगुड़ी (खोखापारा) स्थित स्कूल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे युवाओं को खेल सुविधाएं मिलेंगी, नगर पंचायत भटगांव के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये की स्वीकृति, इन घोषणाओं से ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और तालियों की गड़गड़ाहट से मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की ऐतिहासिक सौगात
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सूरजपुर जिले को कुल 172.51 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी, इसमें शामिल हैं 55.01 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण,117.97 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास एवं भूमिपूजन, ये कार्य लोक निर्माण विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, जल संसाधन, नगरीय निकाय, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, उद्यानिकी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जिला अग्रणी बैंक सूरजपुर से संबंधित हैं, इन परियोजनाओं से ग्रामीण अधोसंरचना, सड़क, जल, महिला सशक्तिकरण और आजीविका के क्षेत्र में व्यापक सुधार होगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने बताया विकास का मजबूत आधार
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश समग्र विकास की ओर अग्रसर है, कर्मा महोत्सव जैसे आयोजन न केवल संस्कृति को सहेजते हैं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं,उन्होंने कर्मा नृत्य दलों की सराहना करते हुए कलाकारों को बधाई दी।
लोकसंस्कृति की रक्षा में क्षेत्रवासियों की भूमिका सराहनीय : सांसद
सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा यहां के लोग अपनी सांस्कृतिक विरासत को पूरी निष्ठा से संजो रहे हैं। कर्मा नृत्य छत्तीसगढ़ की आत्मा है, जो हमारी पहचान को सशक्त बनाता है।
हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी,ऐतिहासिक बना आयोजन
इस भव्य आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए,आयोजन स्थल पर हजारों की संख्या में ग्रामीण,जनजातीय समाज के लोग, लोक कलाकार और दर्शक उपस्थित रहे। जनसैलाब ने इस कर्मा महोत्सव को जिले के इतिहास के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल कर दिया,पूरे आयोजन स्थल पर उत्सव का माहौल रहा,जहां हर वर्ग बुजुर्ग,महिलाएं,युवा और बच्चे लोकसंस्कृति में डूबे नजर आए।
33 कर्मा नृत्य दलों ने बिखेरा लोकसंस्कृति का रंग
सुबह से ही सूरजपुर,सरगुजा,जशपुर,बलरामपुर,कोरिया और मनेंद्रगढ़ जिलों से आए 33 कर्मा नृत्य दलों के हजारों लोक कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर उतरे,रंग-बिरंगे परिधान,पांव में बंधे घुंघरू,सिर पर पारंपरिक मुकुट और हाथों में लयबद्ध मुद्राओं के साथ कलाकारों ने जब कर्मा नृत्य प्रस्तुत किया, तो पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा,कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की लोक परंपरा की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की।
प्रमुख जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी,वन विकास निगम अध्यक्ष राम सेवक पैकरा,आईजी दीपक झा,कलेक्टर एस. जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह ठाकुर,जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संस्कृति,विकास और जनकल्याण का भव्य संगम
ग्राम चुनगुड़ी में आयोजित यह विशाल कर्मा महोत्सव छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति,जनजातीय गौरव,सामाजिक एकता और विकास की भावना का प्रतीक बनकर सामने आया,जिसे आने वाली पीढि़यां भी याद रखेंगी।
महिला सशक्तिकरण को मिला नया आयाम
इस दौरान मछली पालन विभाग द्वारा नाव,जाल एवं आइस बॉक्स वितरण,स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड,महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ महिला कोष से ऋण वितरण किया गया,साथ ही 6 महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित रेडी-टू-ईट इकाइयों एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का शुभारंभ किया गया,इन इकाइयों से 130 महिलाओं को रोजगार मिलेगा, जो 343 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए पोषण आहार निर्माण एवं वितरण करेंगी, मुख्यमंत्री ने महिलाओं को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता एवं लाभ वितरण के स्टॉल लगाए गए,जिनमें सड़क सुरक्षा,नशा मुक्ति, यातायात जागरूकता,उद्यानिकी,पोषण आहार,स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, प्रधानमंत्री आवास योजना,ग्रामीण आजीविका मिशन शामिल रहे,मुख्यमंत्री ने स्वयं सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से संवाद किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur