सूरजपुर,16 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। प्रतापपुर क्षेत्र में धान की अवैध खरीदी,भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई सख्त कार्रवाई ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है लगातार दो दिनों तक चली इस कार्रवाई को क्षेत्र की अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई के बाद कोचियों, राइस मिलरों और समितियों में अफरा-तफरी का माहौल है,वहीं आम जनता इसे बड़े घोटाले की झलक मान रही है। जानकारी के अनुसार चंदौरा स्थित प्रदीप जायसवाल एवं रामप्रकाश जायसवाल के घर पर राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से भंडारित 500 बोरी (जुट) धान जप्त कर मौके पर ही सील किया गया। वहीं ट्रैक्टर में लोड 130 बोरी (जुट) धान को जब्त कर समिति प्रबंधक चंदौरा को सुपुर्द किया गया। इस प्रकार कुल 630 बोरी,लगभग 252 क्विंटल धान की जप्ती की गई। इस कार्रवाई में एसडीएम प्रतापपुर, तहसीलदार प्रतापपुर, नायब तहसीलदार प्रतापपुर, खाद्य निरीक्षक प्रतापपुर तथा चंदौरा पुलिस स्टाफ शामिल रहे.प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया कि अवैध धान भंडारण किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि सुनियोजित तरीके से संचालित हो रहा है। इसके बाद 15 जनवरी 2026 को राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जेडी राइस मिल, शांतिनगर प्रतापपुर का भौतिक सत्यापन किया। इस कार्रवाई में एसडीएम प्रतापपुर, नायब तहसीलदार प्रतापपुर, नायब तहसीलदार जरही एवं खाद्य निरीक्षक प्रतापपुर शामिल थे. जांच के दौरान राइस मिल परिसर में 2000 बोरी चावल और 550 बोरी धान पाया गया.वहीं कृषि उपज मंडी समिति के गोदाम में 3000 बोरी धान मौजूद मिला. जांच का सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि ऑनलाइन स्टॉक से 15,643 बोरी धान कम पाया गया.इस गंभीर अनियमितता को देखते हुए प्रशासन ने कृषि उपज मंडी समिति गोदाम प्रतापपुर को सील कर दिया तथा भौतिक सत्यापन में पाए गए चावल और धान को जप्त कर लिया गया। इस खुलासे ने पूरे प्रतापपुर क्षेत्र में धान के गोरखधंधे की पोल खोल दी है। राजस्व विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र के कोचियों और राइस मिलरों में दहशत का माहौल है। एक ओर जहां प्रशासन की सक्रियता की सराहना हो रही है,वहीं दूसरी ओर निष्पक्षता को लेकर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन वास्तव में धान की कालाबाजारी पर पूर्ण विराम लगाना चाहता है,तो सिर्फ एक-दो राइस मिलों तक सीमित न रहकर पूरे प्रतापपुर क्षेत्र की दुकानों, राइस मिलों और समितियों में एक साथ व्यापक छापामार कार्रवाई करनी चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur