सूरजपुर,15 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। मानवता और आपसी सहयोग की मिसाल बन चुकी संयुक्त संवेदना समिति,सूरजपुर ने एक बार फिर दिवंगत शिक्षक परिवार के प्रति अपनी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को निभाया है। शासकीय प्राथमिक शाला नेवरा, विकासखण्ड सूरजपुर की सहायक शिक्षिका स्व. कमला गुप्ता के आकस्मिक निधन के उपरांत समिति के पदाधिकारी उनके निवास भैयाथान रोड,सूरजपुर पहुँचे और श्रद्धांजलि अर्पित की,इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। समिति की ओर से स्व. कमला गुप्ता के पति श्री सतीश गुप्ता को एक लाख रुपये की संवेदना राशि प्रदान की गई। जिले के शिक्षकों द्वारा अपने दिवंगत साथी के प्रति प्रकट की गई इस मानवीय भावना को देखकर परिवार की आँखें नम हो गईं,वहीं संवेदना राशि प्रदान करने पहुँचे शिक्षकगण भी अपने आँसू नहीं रोक सके। समिति के ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णा सोनी ने बताया कि वर्ष 2018 में शिक्षाकर्मी से शिक्षक पद पर संविलयन हुए शिक्षकों की आर्थिक स्थिति, बढ़ती उम्र और पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण अक्सर कठिन हो जाती है। ऐसे में किसी शिक्षक के असामयिक निधन पर उनके परिवार को गंभीर आर्थिक व मानसिक संकट का सामना करना पड़ता है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संयुक्त शिक्षक संघ सूरजपुर के जिला अध्यक्ष सचिन त्रिपाठी की पहल पर वर्ष 2021 में यह संवेदना योजना प्रारंभ की गई,योजना के अंतर्गत 500 रुपये वार्षिक सदस्यता शुल्क देकर शिक्षक सदस्य बनते हैं। किसी भी सदस्य शिक्षक के निधन की स्थिति में उसके परिवार को एक लाख रुपये की संवेदना राशि,लंबित सेवा लाभों के त्वरित भुगतान में सहयोग तथा आश्रित को अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने में सहायता प्रदान की जाती है, वर्ष 2021 से अब तक इस योजना के माध्यम से 24 शिक्षक परिवारों को सहयोग दिया जा चुका है और 2500 से अधिक शिक्षक समिति से जुड़ चुके हैं।
इस अवसर पर संयुक्त संवेदना समिति के जिला अध्यक्ष सचिन त्रिपाठी, विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी ओड़गी प्रदीप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष कृष्णा सोनी सहित राकेश शुक्ला, गिरवर यादव, श्रीमती प्रतिमा सिंह, भुवनेश्वर सिंह, राधेश्याम साहू, मनोज कुशवाहा, दिनेश पाण्डेय, रोशन साहू, आशीष यादव, प्रभावती पैकरा, श्यामपति सिंह, संजय पाण्डेय, आशीष त्रिपाठी, सुरेश राजवाड़े एवं अन्य सदस्य-शिक्षकगण उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur