चौकीदार का बड़ा बयान नेताओं को दी जाती थी चाबी,डिप्टी रेंजर व महिला फॉरेस्टर निलंबित
दैनिक घटती-घटना की खबर का असर….



-शमरोज खान-
सूरजपुर,13 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। गरियाबंद के बाद अब सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड स्थित कुमेली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का मामला सामने आया है,बार बालाओं के अश्लील नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है, हालांकि यह वीडियो डेढ़ से दो साल पुराना बताया जा रहा है,लेकिन इसके सामने आते ही विभाग ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है,वायरल वीडियो में रेस्ट हाउस के भीतर बार डांसरों पर पैसे लुटाते हुए और जाम छलकाते हुए कुछ लोग नजर आ रहे हैं,बताया जा रहा है कि इनमें कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि और शासकीय कर्मचारी भी शामिल हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है।
डीएफओ के निर्देश पर जांच,दो अधिकारी निलंबित
सूरजपुर डीएफओ तुलेश्वर साहू ने बताया कि वीडियो भले ही पुराना हो, लेकिन इसकी जांच जरूरी है,प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर डिप्टी रेंजर रविशंकर और एक महिला फॉरेस्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है,मामले की विस्तृत जांच के लिए एसडीओ के नेतृत्व में टीम गठित की गई है।
जांच टीम कुमेली पहुंची, बयान दर्ज
डीएफओ के निर्देश पर एसडीओ फॉरेस्ट अशोक तिवारी के नेतृत्व में जांच टीम सोमवार को कुमेली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस पहुंची,टीम ने रेस्ट हाउस के चौकीदार,गांव के सरपंच सहित अन्य लोगों के बयान दर्ज किए।
चौकीदार का सनसनीखेज बयान
जांच के दौरान रेस्ट हाउस के चौकीदार ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि तत्कालीन रेंजर आरसी प्रजापति के पास ही रेस्ट हाउस की चाबी रहती थी और वे खुद नेताओं को चाबी दे दिया करते थे,चौकीदार के इस बयान के बाद मामले ने और गंभीर मोड़ ले लिया है।
बीडीसी पर कार्यक्रम आयोजित कराने का आरोप
सूत्रों के अनुसार,कुमेली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में बार डांसरों का यह कार्यक्रम एक बीडीसी द्वारा आयोजित कराया गया था। अब वीडियो के वायरल होने के बाद पूरे मामले की परत-दर-परत जांच की जा रही है।
आगे और हो सकती है कार्रवाई
वन विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दैनिक घटती-घटना द्वारा इस मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव और बढ़ गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur