प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर/प्रतापपुर,12 जनवरी 2026(घटती-घटना)। प्रतापपुर जनपद के अंतर्गत ग्राम सिलफिली में कनकनगर डीएवी स्कूल पहुंच मार्ग पर स्थित पेंडार डबरा पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है। जर्जर पुलिया के कारण गांव का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और हर दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है,ग्रामीणों ने जनदर्शन में आवेदन देकर कलेक्टर को समस्या से अवगत कराया है। उनका कहना है कि बरसात के मौसम में पुलिया पर पानी भर जाता है,जिससे मवेशियों,किसानों और ग्रामीणों का आना-जाना लगभग ठप हो जाता है। कई बार गांव का संपर्क पूरी तरह टूट जाता है।
ग्रामीणों ने विशेष रूप से किसानों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर चिंता जताई है, ग्राम पंचायत सिलफिली के सरपंच के अनुसार, क्षतिग्रस्त पुलिया के कारण ग्रामीणों को रोज़ डर के साए में यात्रा करनी पड़ती है, गांव की बड़ी आबादी इस समस्या से प्रभावित है, उन्होंने प्रशासन से तत्काल नए पुल/पुलिया निर्माण की मांग की है,ताकि किसी अनहोनी से पहले समाधान हो सके।
वहीं ग्रामीण जीवन मरकाम ने बताया कि गन्ना की फसल को शक्कर फैक्ट्री तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है,टूटी पुलिया के कारण वाहनों का आवागमन जोखिमभरा हो गया है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
बड़ा सवाल
विभागीय लापरवाही कब तक जारी रहेगी? जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान कब देंगे? और आखिर कब तक ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर इस रास्ते से गुजरना पड़ेगा? ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन स्थल निरीक्षण कर तात्कालिक मरम्मत के साथ-साथ स्थायी निर्माण को प्राथमिकता दे,ताकि गांव का संपर्क बहाल हो और जन-सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur