-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम कार्यालय में सोमवार को आयोजित मेयर इन काउंसिल की बैठक में शहर के विकास,रखरखाव और आमदनी बढ़ाने से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुल 16 एजेंडों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में शहर के प्रमुख विकास कार्यों के साथ-साथ,नगर निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कई निर्णय लिए गए। खासकर,छोटे उद्यानों से आय की स्थिति और सुलभ शौचालयों की खराब स्थिति को लेकर चर्चा की गई। बैठक में यह मुद्दा सामने आया कि शहर के छोटे उद्यानों से आय नहीं हो पा रही है। इस पर महापौर और निगम अधिकारियों ने यह सुझाव दिया कि इन उद्यानों का संचालन स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा जाए। इससे न केवल उद्यानों की बेहतर देखरेख हो सकेगी,बल्कि स्थानीय महिलाओं को आय के स्रोत भी मिलेंगे। इस कदम को लेकर सभी उपस्थित सदस्य सहमत हुए और इसे जल्द ही लागू करने का निर्णय लिया गया। बैठक में शहर के चौक-चौराहों पर व्याप्त अव्यवस्था और उपेक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई। खासकर गांधी चौक,अंबेडकर चौक और घड़ी चौक की स्थिति को लेकर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि 26 जनवरी से पहले इन प्रमुख चौकों को पूरी तरह से दुरुस्त किया जाए। महापौर ने कहा कि चौकों पर बैनर-पोस्टर चिपकाए जाते हैं,लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे। इसके अलावा,चौकों से हाई मास्क लाइट के केबल पैनल चोरी होने और रवि त्रिपाठी चौक में तोडफ़ोड़ की घटनाओं को लेकर भी चर्चा हुई। महापौर ने जोन प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए प्रत्येक चौक की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में यह भी तय किया गया कि सडकों पर ठेला,गुमटी और दुकानदारों द्वारा अपने बोर्ड सडकों तक फैलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, कचरे के ढेर के पास चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे और जुर्माना भी लगाया जाएगा। इन निर्णयों से शहर की सफाई और सडक पर व्याप्त अव्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। बैठक में पीजी कॉलेज स्टेडियम और अन्य सुलभ शौचालयों की स्थिति पर चिंता जताई गई। इन शौचालयों में सफाई की स्थिति खराब होने और उनका नियमित संचालन न होने के कारण महापौर ने निर्णय लिया कि इन शौचालयों के संचालन की जिम्मेदारी स्व-सहायता समूहों को सौंप दी जाएगी। इससे शौचालयों की स्थिति में सुधार होने की उम्मीद जताई जा रही है।
वाटर और सेनेटरी पार्क के निजीकरण का प्रस्ताव : लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मनीष सिंह ने निगम की आय बढ़ाने के उद्देश्य से वाटर और सेनेटरी पार्क के निजीकरण का प्रस्ताव रखा। उनका कहना था कि निगम फूड जोन के संचालन में सक्षम नहीं हो पा रहा है, और इसे बेहतर ढंग से चलाने के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाने चाहिए। इस प्रस्ताव पर बैठक में सहमति बनी,और इसे सामान्य सभा में लाने का निर्णय लिया गया।
सब्जी मंडी और कंपनी बाजार में दुकानों की निर्माण योजना : बैठक में सब्जी मंडी और कंपनी बाजार में दुकानों को लेकर संभावित विवाद पर भी चर्चा हुई। बैठक में यह प्रस्ताव रखा गया कि पर्याप्त पंजीकृत भूमि होने पर 100 दुकानों के निर्माण और नीलामी की योजना बनाई जाए, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि हो सके।
जल आपूर्ति में असमानता का समाधान
अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन विस्तार के बाद शहर में जल आपूर्ति की असमानता का मुद्दा भी बैठक में सामने आया। घुटरा पारा से मोमिनपुरा तक 3 से 12 घंटे तक पानी मिल रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में जल आपूर्ति कम हो रही है। इस पर महापौर ने सभी क्षेत्रों में समान जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निगम के नए भवन का लोकार्पण
बैठक में महापौर मंजूषा भगत ने नगर निगम के नए भवन का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण होने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मीटिंग हॉल के निर्माण के लिए 88 लाख रुपए की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। 26 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के अंबिकापुर दौरे के दौरान नगर निगम के नए भवन का लोकार्पण किया जा सकता है। इसके बाद, निगम कार्यालय नए भवन से ही संचालित होगा, जिससे शहर के प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur