
एमसीबी,10 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। जिले में धान खरीदी को लेकर प्रशासन और किसानों के बीच बढ़ते तनाव के बीच गुलाब कमरो ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि प्रशासन की गलत नीतियों और दमनात्मक कार्रवाई के कारण जिले भर के किसान भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
गुलाब कमरो ने कहा कि किसान कड़ी मेहनत से उपजाई गई अपनी धान की फसल को समितियों में बेचने के लिए मजबूरन इधर-उधर भटक रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक अव्यवस्था और दबावपूर्ण निर्णयों के चलते धान खरीदी सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षमता के अनुरूप धान का उठाव नहीं होने से समितियों में भारी मात्रा में स्टॉक जमा हो गया है। पूर्व विधायक के अनुसार, धान उठाव प्रभावित होने से कई समितियां जाम की स्थिति में पहुंच गई हैं। इसका सीधा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें कई-कई दिनों तक अपनी उपज लेकर इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगह हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि धान खरीदी को अस्थायी रूप से रोकना पड़ रहा है, उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रशासनिक कार्रवाई किसानों की समस्याओं को कम करने के बजाय और अधिक बढ़ा रही है, गुलाब कमरो ने जिला प्रशासन से मांग की कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और तत्काल प्रभाव से ठोस समाधान निकाला जाए, ताकि धान खरीदी व्यवस्था पटरी पर लौट सके, पूर्व विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसानों का आक्रोश और तेज हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur