-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। जिले में अवैध धान संग्रहण एवं कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य विभाग एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान आज विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध धान के प्रकरण दर्ज कर धान जप्ती की कार्यवाही की गई। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करते हुए संग्रहित धान पाए जाने पर संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध प्रकरण बनाया गया। जांच में हनुमंत ट्रेडर्स,असोला से 288 क्विंटल, केसरवानी ट्रेडर्स, परसा से 116 क्विंटल तथा विकास ट्रेडर्स, सोनपुरकला से 56.8 क्विंटल धान जप्त किया गया। इस प्रकार कुल 460.80 क्विंटल अवैध धान जप्त किया गया है। खाद्य विभाग एवं मंडी टीम द्वारा मौके पर दस्तावेजों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की गई तथा जप्त धान को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध भंडारण एवं व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान संग्रहण, परिवहन अथवा व्यापार में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur