Breaking News

बलरामपुर@ शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही…निर्माणाधीन मकान का छज्जा भरभराकर गिरा,दबने से 6वीं के छात्र की मौत

Share


बलरामपुर,08 जनवरी 2026 (घटती-घटना)।
जिले के शारदापुर गांव स्थित माध्यमिक शाला खुटहन पारा में शिक्षा विभाग की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। जहां स्कूल के ठीक बगल में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से कक्षा छठवीं में पढ़ने वाले छात्र आलोक कुमार (पिता रमेश देवांगन) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, घटना मध्याह्न भोजन अवकाश के दौरान हुई। अवकाश के समय छात्र खेलते हुए स्कूल परिसर के पीछे निर्माणाधीन भवन के पास पहुंच गया,तभी अचानक मकान का छज्जा भरभराकर गिर पड़ा और आलोक उसके नीचे दब गया। घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय में हड़कंप मच गया। विद्यालय की शिक्षिका पूजा गुप्ता ने बताया कि मध्यान्ह भोजन का अवकाश किया गया था,इसी दौरान कुछ बच्चे पीछे की ओर गए थे। बच्चों द्वारा सूचना देने पर सभी शिक्षक मौके पर पहुंचे,जहां आलोक खून से लथपथ मलबे में दबा मिला। शिक्षकों और ग्रामीणों की मदद से उसे बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विद्यालय में चार शिक्षक पदस्थ होने के बावजूद छात्र की सुरक्षा को लेकर लापरवाही सामने आई है। घटना ने स्कूल के आसपास चल रहे निर्माण कार्यों की निगरानी और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है.


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ऑपरेशन क्लीन जारी : इंजेक्शन से महुआ शराब तक लगातार कार्रवाई,लेकिन क्या नशे के असली सरगना अब भी पकड़ से दूर?

Share 24 घंटे में सप्लायर तक पहुंची टीम,अब गंगापुर में 200 किलो महुआ लाहन और …

Leave a Reply