Breaking News

अम्बिकापुर@सीएम ने नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक तय किया

Share


मुख्यमंत्री साय ने अंबिकापुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव की दिवंगत मां स्वर्णलता सिंहदेव की तेरहवीं में श्रद्धांजलि अर्पित की…


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को हेलीकॉप्टर से अंबिकापुर पहुंचकर छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव की दिवंगत मां स्वर्णलता सिंहदेव के तेरहवीं कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने स्वर्णलता सिंहदेव के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। उनके साथ इस कार्यक्रम में मंत्री, सांसद,विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता भी मौजूद थे। स्वर्णलता सिंहदेव का निधन 26 दिसंबर 2023 को रायपुर के एम्स अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ था। उनकी तेरहवीं के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अंबिकापुर पहुंचे, जहां पर उन्होंने ब्रह्मभोज कार्यक्रम में भाग लिया। इससे पहले, उन्होंने पीजी कॉलेज स्थित हेलीपैड पर मंत्री,विधायक और अन्य नेताओं से स्वागत लिया और फिर हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव के मनेंद्रगढ़ रोड स्थित पंजाब गार्डन निवास स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल,सांसद चिंतामणि महाराज,लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज,सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया,वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैंकरा,पूर्व सांसद राजनांदगांव अभिषेक सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह,नगर पालिक निगम अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल जैसे कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम विष्णुदेव साय ने शोक व्यक्त करते हुए कहा,‘मैं यहां हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव की मां स्वर्णलता सिंहदेव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने और उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए आया हूं।’ इस दौरान उन्होंने राज्य की विकास योजनाओं को लेकर भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री ने जीरामजी योजना के संदर्भ में बात करते हुए कहा,‘यह योजना पूरे देश के लिए कई दृष्टिकोण से फायदेमंद है। अब मजदूरों को 100 दिन की बजाय 125 दिन तक रोजगार मिलेगा, साथ ही एक सप्ताह के भीतर मजदूरी का भुगतान भी सुनिश्चित होगा। अगर समय पर भुगतान नहीं हुआ तो पेनाल्टी भी लगेगी। इससे ज्यादा काम और ज्यादा मजदूरी दोनों मिलेंगे। छत्तीसगढ़ के किसान अब पहले से ज्यादा राहत महसूस करेंगे,क्योंकि धान का कटोरा होने के कारण पहले किसानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। ‘मुख्यमंत्री ने नक्सल मुक्त छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का यह संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त किया जाएगा। इस दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर उन्होंने आश्वासन दिया कि तीन महीने बाद,यानी मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त राज्य बन जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उनका मानना है कि यह केवल राज्य की सुरक्षा के लिए नहीं,बल्कि यहां के नागरिकों के समग्र विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि राज्य में विकास की गति तेज़ हो रही है और आगामी समय में छत्तीसगढ़ में रोजगार, किसानों की स्थिति में सुधार, और सामाजिक कल्याण योजनाओं के लाभ में वृद्धि होगी। इस कार्यक्रम ने स्थानीय नेताओं और आम नागरिकों में सकारात्मक माहौल पैदा किया,और सीएम की उपस्थिति ने राज्य की वर्तमान विकास योजनाओं और भविष्य के लक्ष्यों के प्रति विश्वास और उत्साह को और मजबूत किया।


Share

Check Also

बलरामपुर@ बलरामपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Share 12 घंटे में 22 स्थायी वारंटी गिरफ्तार,वर्षों से फरार आरोपी भी पकड़ेबलरामपुर,01 जून 2026 …

Leave a Reply