-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। मवेशी चोरी के मामले में कोतवाली पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शहर में घुम-घुमकर चार पहिया वाहन से मवेशी चोरी कर झारखंड लेजाकर बेचते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आधा दर्जन मवेशी व तीन पिकअप वाहन सहित रुपए जब्त किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
जानकारी के अनुसार घुटरापारा निवासी ऋषिकेश मिश्रा 4 जनवरी की रात 11.30 बजे अपने दोस्त के घर से गंगापुर होते हुए रिंग रोड से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने देखा कि तीन पिकअप वाहनों में 6-7 लोग मवेशियों को पकडकर जबरदस्ती लोड कर रहे थे। मवेशी जोर-जोर से चिल्ला रहे थे, जिससे प्रार्थी को शक हुआ और उन्होंने वाहनों का नंबर नोट किया। दो पिकअप वाहनों के नंबर नोट करने के बाद वह आरोपियों का पीछा करने लगे, लेकिन वे तेजी से फरार हो गए। इसके बाद प्रार्थी ने पुलिस को सूचना दी और थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और मुखबिर से सूचना मिलने पर तीन पिकअप वाहन रनपुरखुर्द पानी टंकी के पास संदिग्ध स्थान पर खड़े मिले, जिसमें 6 मवेशी लोड किए गए थे। पुलिस ने मौके से आरोपियों को गिरफ्तार किया और मवेशियों को गौ सेवा मण्डल सरगुजा के सुपुर्द किया। गिरफ्तार आरोपियों में अजहर खान,शोएब शाह,जुनैद आलम,अफसार,तकिर खान,आदम शाह और रेफाज खान शामिल हैं,जो सभी जशपुर जिले के निवासी हैं। इन आरोपियों ने मवेशी चोरी की घटना को स्वीकार किया और बताया कि उन्होंने इन मवेशियों को झारखंड के मवेशी बाजार में बेच दिया था। पुलिस ने आरोपियों से 12,750 रुपये की राशि भी जब्त की, जो मवेशी बिक्री से प्राप्त हुई थी। आरोपी आदतन है। पूर्व में भी मवेशी चोरी के मामले में गांधीनगर थाने से गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur