Breaking News

रायपुर/सूरजपुर/एमसीबी@बेटा पुलिस हिरासत में…विधायक जन्मदिन के जश्न में,हिट एंड रन केस ने बढ़ाया सियासी बवाल

Share

  • जश्न अमृतधारा में,गिरफ्तारी रायपुर में,विधायक पुत्र हिट एंड रन केस में पकड़ा गया
  • एक तरफ केक,दूसरी तरफ केस,विधायक रेणुका सिंह का जन्मदिन विवादों में…
  • हिट एंड रन केस में विधायक पुत्र हिरासत में, उसी दिन भव्य जन्मदिन समारोह…
  • थाने में बेटा,मंच पर मां. जन्मदिन समारोह बना चर्चा का केंद्र…
  • बधाइयों का शोर,सायरन की गूंजः जन्मदिन पर उलझी राजनीति…


न्यूज डेस्क
रायपुर/सूरजपुर/एमसीबी 05 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। भरतपुर-सोनहत विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह का जन्मदिवस इस बार सिर्फ उत्सव नहीं,बल्कि गंभीर राजनीतिक और सामाजिक बहस का विषय बन गया है। एक ओर जहां विधायक अपने समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ जन्मदिन का जश्न मनाती रहीं,वहीं दूसरी ओर उनके पुत्र लक्की सिंह राजधानी रायपुर में हिट एंड रन मामले में पुलिस हिरासत में रहे। हिट एंड रन जैसी गंभीर घटना, पुलिस जांच और उसी समय भव्य राजनीतिक आयोजन इन सबने मिलकर विधायक रेणुका सिंह का यह जन्मदिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि सियासी विवाद बना दिया है, अब सबकी नजरें राजधानी पुलिस की जांच और इस पूरे मामले पर राजनीतिक नेतृत्व की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं, यह मामला आने वाले दिनों में राजनीतिक और कानूनी दोनों मोर्चों पर और तूल पकड़ सकता है।
राजधानी रायपुर में हिट एंड रन, विधायक पुत्र हिरासत में…मिली जानकारी के अनुसार,राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत अग्रसेन धाम चौक के पास रविवार देर रात एक तेज़ रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी,घटना के बाद बाइक सवार को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया,जहां उसका उपचार जारी है, बताया जा रहा है कि कार विधायक पुत्र बलवंत सिंह उर्फ लक्की सिंह चला रहे थे,वाहन में उनके साथ एक अन्य युवक और दो युवतियां सवार थीं,टक्कर के बाद कार सवार मौके से भागने का प्रयास करते दिखे, हालांकि पुलिस ने विधायक पुत्र को हिरासत में ले लिया,पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है,कार में सवार अन्य लोगों की तलाश जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी,पुलिस स्तर पर जांच जारी है नशे या अन्य गतिविधियों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इधर अमृतधारा में भव्य जन्मदिवस समारोह…इसी दौरान,5 जनवरी को विधायक रेणुका सिंह ने एमसीबी जिले के पर्यटन स्थल अमृतधारा में अपना जन्मदिवस बड़े पैमाने पर मनाया। समर्थकों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने केक काटा, बधाइयां स्वीकार कीं और दिनभर चले आयोजन में शामिल रहीं, भोजन, स्वागत और कार्यक्रमों की व्यापक व्यवस्था की गई थी, दोपहर से शाम तक यह आयोजन चलता रहा,इसके अलावा, 4 जनवरी की देर रात विधायक रेणुका सिंह नागपुर में भी जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल हुई थीं,जहां उन्होंने केक काटकर जन्मदिवस मनाया।
तीन जिलों से जुटे भाजपा कार्यकर्ता,शक्ति
प्रदर्शन के रूप में देखा गया आयोजन

यह पहला अवसर माना जा रहा है जब विधायक रेणुका सिंह ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में इतने व्यापक स्तर पर जन्मदिवस समारोह आयोजित किया, राजनीतिक हलकों में इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है, कार्यक्रम में प्रदेश के दिग्गज मंत्री रामविचार नेताम (कृषि मंत्री व प्रभारी मंत्री), श्याम बिहारी जायसवाल सहित एमसीबी, कोरिया और सूरजपुर जिलों के बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सोशल मीडिया से लेकर पोस्टर-बैनरों के जरिए पूरे अविभाजित कोरिया जिले में जन्मदिन की बधाइयों का सिलसिला चलता रहा।
जश्न और गिरफ्तारी का विरोधाभास बना चर्चा का केंद्र
एक ओर बधाइयों का तांता और जन्मदिन का जश्न,दूसरी ओर विधायक पुत्र का पुलिस थाने में होना इस विरोधाभास ने पूरे घटनाक्रम को चर्चा के केंद्र में ला दिया है,राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनमानस तक यह सवाल उठ रहा है कि जब परिवार पर गंभीर आपराधिक आरोपों की आंच हो, तब सार्वजनिक जश्न की क्या नैतिकता बनती है? हालांकि,विधायक रेणुका सिंह या उनके परिवार की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply