-संवाददाता-
अम्बिकापुर, 05 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के नावापारा क्षेत्र में एक सूने मकान से तीन लाख रुपये से अधिक के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में गांधीनगर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने इनमें से एक आरोपी को खरीददार के रूप में गिरफ्तार किया और चोरी किए गए जेवरात को बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार,ज्योति गोस्वामी नाम की महिला,जो मध्यप्रदेश की रहने वाली हैं, गांधीनगर थाना क्षेत्र के नावापारा में किराए के मकान में रहती थीं। 25 दिसंबर को वह अपने घर को बंद कर वृंदावन गई थीं। 1 जनवरी को आरोपियों ने सूने मकान का फायदा उठाया और वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जब ज्योति 2 जनवरी को वापस लौटीं, तो घर में चोरी होने की सूचना मिली। उन्होंने घर में रखे जेवरात की जांच की, तो पाया कि अलमारी से चांदी के पायल,करधन, छल्ला,कटोरी, सिन्दूर का डब्बा, लाकेट,चांदी की बिछिया,सोने का टॉप्स,नथ,हार और फुल्ली गायब थे। इस पर उन्होंने तुरंत गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में अनुसंधान शुरू किया और संदेह के आधार पर आरोपी शिवम रवि को हिरासत में लिया। उसने पूछताछ में चोरी की वारदात को कबूल किया और बताया कि उसने अपने साथियों राजपुत, हैप्पी,विलसन मिंज और एक नाबालिग के साथ मिलकर 1 जनवरी को इस चोरी को अंजाम दिया। शिवम ने यह भी बताया कि चोरी किए गए सोने के हार को उन्होंने 2 जनवरी को जोड़ापीपल स्थित ‘अंकित अलंकार ज्वेलर्स’ में 50 हजार रुपये में बेच दिया। पुलिस ने शिवम की निशानदेही पर ज्वेलर्स की दुकान पर छापेमारी की और हार का कुछ हिस्सा और गलाए हुए सोने के टुकड़े बरामद किए।
पुलिस ने मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी हैंः शिवम रवि (20 वर्ष), विलसन मिंज (19 वर्ष), अंकित सोनी (31 वर्ष) और एक नाबालिग। इन आरोपियों से चोरी के जेवरात, 35 हजार रुपये नकदी और घटना में प्रयुक्त रॉड जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। गांधीनगर पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद आरोपियों को पकडऩे में सफलता प्राप्त की। इस मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की है और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur