Breaking News

एमसीबी@कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र खड़गवां: क्षेत्रीय विकास की ऐतिहासिक सौगात

Share


9.46 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक भवन,किसानों और युवाओं को मिलेगा नया संबल


-संवाददाता-
एमसीबी,05 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के विकास इतिहास में सोमवार का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, विक्रम संवत 2082 माघ मास कृष्ण पक्ष द्वितीया के शुभ अवसर पर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र,खड़गवां के नवीन भवन का भव्य एवं विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। लगभग 9 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला यह अत्याधुनिक भवन कृषि शिक्षा, अनुसंधान और किसान सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र खड़गवां का निर्माण केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के किसानों,युवाओं और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए नई उम्मीद और नई दिशा है, यह परियोजना एमसीबी जिले को शिक्षा,अनुसंधान और कृषि नवाचार के नक्शे पर मजबूती से स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम मानी जा रही है।


खड़गवां में शिक्षा,सड़क और स्वास्थ्य में तेज प्रगति : श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खड़गवां विकासखंड में शिक्षा,सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति हो रही है, उन्होंने बताया कि पिछले 15 वर्षों में इस क्षेत्र में 46 हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल, दो कॉलेज, एक कृषि महाविद्यालय,एक एकलव्य विद्यालय और स्वामी आत्मानंद स्कूल की स्थापना हुई है,सड़क निर्माण के क्षेत्र में जिले में करीब 200 सड़क परियोजनाएं चल रही हैं। खड़गवां ब्लॉक में 28 नई सड़कें स्वीकृत हुई हैं, जबकि जनकपुर क्षेत्र में लगभग 100 सड़कें निर्माणाधीन हैं,स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने बताया कि महेंद्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज और चिरमिरी में जिला अस्पताल का निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार के सहयोग से खड़गवां अब पहले जैसा पिछड़ा क्षेत्र नहीं रहा।
गरिमामयी उपस्थिति में हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास,कृषि विकास एवं किसान कल्याण,जैव प्रौद्योगिकी, मत्स्य पालन तथा पशुधन विकास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम रहे,समारोह की अध्यक्षता लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण,चिकित्सा शिक्षा,पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की,विशेष अतिथियों में जनपद पंचायत खड़गवां अध्यक्ष श्यामबाई मरकाम,उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह करियाम,जिला पंचायत सदस्य प्रिया सिंह,जनपद सदस्य युगांतर श्रीवास्तव,ग्राम पंचायत पोड़ीडीह की सरपंच जया मरावी एवं ग्राम पंचायत खड़गवां के सरपंच सुखित लाल अगरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,अधिकारी,किसान, छात्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कृषि शिक्षा को मिलेगा नया आयाम:रामविचार नेताम
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र खड़गवां की स्थापना दूरदर्शी और ऐतिहासिक निर्णय है, यह संस्थान विष्णु देव साय की स्वीकृति से संभव हो सका,जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के सतत प्रयासों से यह सपना साकार हुआ,मंत्री नेताम ने कहा कि इस महाविद्यालय से क्षेत्र के युवाओं को कृषि, उद्यानिकी और संबंधित विषयों की उच्च शिक्षा अपने ही अंचल में मिलेगी,जिससे बड़े शहरों की ओर पलायन रुकेगा। जिले की लगभग 80 प्रतिशत आबादी कृषि पर निर्भर है,ऐसे में यह संस्थान किसानों को आधुनिक तकनीक,प्रशिक्षण और अनुसंधान से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने में सहायक होगा।
मिश्रित व बहु-आय आधारित कृषि पर जोर
प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरकार कृषि को केवल पारंपरिक खेती तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि मिश्रित एवं बहु-आय आधारित कृषि मॉडल को बढ़ावा दे रही है, कम पानी में अधिक लाभ देने वाली फसलें—बाजरा,रागी,ज्वार,मक्का जैसे मोटे अनाज,दलहन-तिलहन,सरसों,मूंग,उड़द के साथ-साथ मछली पालन,मुर्गी पालन और पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। जल संरक्षण और सीमित सिंचाई से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
नवीन पशु औषधालय और छात्रावास की घोषणा
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने क्षेत्र में नवीन पशु औषधालय भवन की स्वीकृति की घोषणा की, जिससे पशुओं के उपचार, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं में सुविधा मिलेगी,साथ ही कृषि महाविद्यालय खड़गवां में छात्रावास एवं आवश्यक शैक्षणिक सेटअप की भी मंजूरी दी गई। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में क्षेत्र को और भी कई विकास कार्यों की सौगात मिलेगी।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply