सूरजपुर,04 जनवरी 2026(घटती-घटना)। जिले के लिए गर्व का क्षण है कि ग्राम डेडरी निवासी चन्द्रावती राजवाड़े का चयन छत्तीसगढ़ महिला वॉलीबॉल टीम में हुआ है। वे अब राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी,20वीं सीनियर छत्तीसगढ़ राज्य अंतर-जिला महिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 25 दिसंबर से 28 दिसंबर 2025 तक भिलाई स्थित पंत स्टेडियम में किया गया था। इस प्रतियोगिता में सूरजपुर जिले की ओर से भाग लेते हुए चन्द्रावती राजवाडे ने शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और छत्तीसगढ़ की सीनियर महिला वॉलीबॉल टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया,चन्द्रावती अब 04 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक बनारस में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी।
उत्कृष्ट प्रदर्शन,जिले को मिला गौरव…
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चन्द्रावती राजवाडे ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए श्रेष्ठ खिलाडि़यों की सूची में तीसरा स्थान प्राप्त किया। उनका लंबा कद,मजबूत स्मैश और बेहतरीन कोर्ट कवरेज चयन का प्रमुख आधार रहा,प्रतियोगिता में सूरजपुर जिला वॉलीबॉल टीम भी मर्टर फाइनल तक पहुंचने में सफल रही।
संघ और खेल प्रेमियों में खुशी…
चन्द्रावती के चयन पर सूरजपुर एमेच्योर वॉलीबॉल संघ के जिला अध्यक्ष अजय गोयल ने उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं,जिला सचिव रामश्रृंगार यादव ने इसे सूरजपुर जिले के खेल इतिहास की एक बड़ी उपलब्धि बताया,कोच दिनेश साहू,कोषाध्यक्ष राजनाथ गुप्ता,संतोष सिंह,अरुण गुप्ता,रविन्द्र सिंह सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने भी चन्द्रावती की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur