Breaking News

अम्बिकापुर@शासकीय इनोवा वाहन दुर्घटना..शराब के नशे में चालक ने साथी की जान ली,खुद घायल

Share


-संवाददाता-

अम्बिकापुर,29 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के ग्राम मजीरा थाना लटोरी के पास सोमवार को एक दर्दनाक दुर्घटना घटी, जिसमें संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय का शासकीय इनोवा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई,जबकि वाहन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार,चालक और उसका साथी रास्ते में शराब पीकर वाहन चला रहे थे,और शराब के नशे में ही यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान रमेश विश्वकर्मा के रूप में हुई है,जो अंबिकापुर के सुभाषनगर का निवासी था। रविंद्र कुमार,जो संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के शासकीय वाहन चालक हैं,सोमवार को अपने साथी रमेश के साथ शासकीय इनोवा वाहन (क्रमांक सीजी 02 5504) लेकर निकले थे। दोनों ने पहले गैस गोदाम से गैस भरवाया और फिर सब्जी मंडी जाने की बात कहकर घर से बाहर निकल गए।
दोपहर करीब 2.30 बजे जब वे वापस नहीं लौटे, तो रमेश की पत्नी नीलम देवी ने रविंद्र को फोन किया। रविंद्र ने उन्हें बताया कि वह 10 मिनट में वापस आ जाएंगे। लेकिन आधे घंटे बाद भी जब दोनों नहीं लौटे, तो नीलम ने फिर से रविंद्र को फोन किया, लेकिन इस बार किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन उठाया और उन्हें सूचना दी कि इनोवा वाहन ग्राम मजीरा के पास लटोरी थाना जयनगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। नीलम देवी ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दोनों को घायल अवस्था में पाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को लटोरी अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मिशन अस्पताल रेफर किया गया। वहां की जांच में रमेश विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया गया,जबकि रविंद्र कुमार का इलाज जारी है। रविंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह और रमेश बलसेड़ी जाने के लिए निकले थे, और रास्ते में दोनों ने शराब पी थी। शराब के नशे में वाहन की गति तेज हो गई,जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सडक से बाहर जाकर खेत में पलट गया। रविंद्र का कहना है कि नशे में धुत होकर वाहन चलाना उसके द्वारा की गई सबसे बड़ी गलती थी। घटना की सूचना मिलते ही संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के कुल सचिव एसपी त्रिपाठी भी अस्पताल पहुंचे और उन्होंने इस दुर्घटना को ड्राइवर की लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि यह घटना वाहन चलाते समय लापरवाही और नशे में ड्राइविंग के कारण घटी,जो कि न सिर्फ अवैध है, बल्कि बेहद खतरनाक भी है।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा

Share सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का तालाप्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी …

Leave a Reply